Trump Iran warning: ‘एंड गेम जीतना है’, ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम, कहा-फांसी दी तो अमेरिका देगा करारा जवाब
Donald Trump Iran warning: ईरान में जारी राजनीतिक अशांति और प्रदर्शनकारियों को फांसी दिए जाने की आशंकाओं के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर ईरानी प्रशासन प्रदर्शनकारियों को फांसी देता है तो अमेरिका बहुत सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने दो टूक कहा कि उनका अंतिम लक्ष्य जीत हासिल करना है।
बुधवार, 14 जनवरी को CBS News को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप से जब यह सवाल किया गया कि अगर बुधवार से ईरान में फांसी की सजाएं शुरू होती हैं तो अमेरिका की प्रतिक्रिया क्या होगी, इस पर उन्होंने कहा, अगर वे ऐसा करते हैं तो हम बहुत मजबूत कदम उठाएंगे।

'End Game is to Win' - ट्रंप का दोहराया बयान
इंटरव्यू के दौरान जब ट्रंप से उनके "एंड गेम" यानी अंतिम लक्ष्य के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, एंड गेम जितना है और यही मेरी इच्छा भी है। CBS की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप का यह बयान ईरान को लेकर अमेरिकी रुख को और सख्त दिखाता है। यह इंटरव्यू उस वक्त लिया गया जब ट्रंप मिशिगन राज्य में थे। वहां उन्होंने एक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का दौरा किया और अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर एक भाषण भी दिया। अपने भाषण में उन्होंने सोशल मीडिया पर पहले किए गए पोस्ट को दोहराते हुए ईरानी प्रदर्शनकारियों से कहा कि "मदद रास्ते में है।"
कितनी है हिंसा, खुद ट्रंप बोले- आंकड़े साफ नहीं
ईरान में हिंसा के पैमाने को लेकर ट्रंप ने कहा कि अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा, मैं अलग-अलग आंकड़े सुन रहा हूं। देखिए, एक मौत भी बहुत ज्यादा है। लेकिन कहीं कम संख्या बताई जा रही है, तो कहीं बहुत ज्यादा। ट्रंप ने बाद में एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह इस पूरे मामले पर विस्तृत ब्रीफिंग का इंतजार कर रहे हैं। जो हत्याएं हो रही हैं, वे गंभीर लगती हैं, लेकिन अभी पूरी तरह निश्चित नहीं है। 20 मिनट में मुझे पूरी जानकारी मिल जाएगी और फिर हम उसी के मुताबिक कार्रवाई करेंगे।
'हजारों लोगों को मारना ठीक नहीं'
राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरानी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन होना एक अलग बात है, लेकिन निर्दोष लोगों की हत्या और अब फांसी की बातें बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा, अगर वे प्रदर्शन करना चाहते हैं, तो वह एक बात है। लेकिन जब हजारों लोगों को मारा जाने लगे और अब आप मुझे फांसी के बारे में बता रहे हैं-तो यह उनके लिए अच्छा साबित नहीं होगा।"
ईरान में क्या हो रहा है?
ईरान में बीते कुछ समय से बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इन प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पों में कई लोगों की मौत की खबरें सामने आई हैं। अंतरराष्ट्रीय संगठनों और मानवाधिकार समूहों को आशंका है कि ईरानी सरकार इन प्रदर्शनों को दबाने के लिए कड़े कदम उठा सकती है। ईरानी प्रास्कियूटर्स के बयानों के बाद चिंता और बढ़ गई है, क्योंकि कुछ हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों पर "मोहारबेह" (भगवान के खिलाफ युद्ध छेड़ना) जैसे गंभीर आरोप लगाए जा सकते हैं, जिनमें मौत की सजा का प्रावधान है।
मानवाधिकार संगठनों की चेतावनी
एमनेस्टी इंटरनेशनल ने चेतावनी दी है कि ईरानी प्रशासन एक बार फिर त्वरित मुकदमों और मनमानी फांसी का सहारा लेकर असहमति की आवाज को कुचल सकता है। संगठन ने कहा, चिंता बढ़ रही है कि अधिकारी विरोध को दबाने और लोगों को डराने के लिए जल्दबाजी में ट्रायल और फांसी का रास्ता अपनाएंगे। ईरान ह्यूमन राइट्स संगठन ने 26 वर्षीय इरफान सोल्तानी का मामला भी सामने रखा है। बताया गया है कि उन्हें पिछले हफ्ते तेहरान के पास कराज शहर से गिरफ्तार किया गया था और पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक उन्हें मौत की सजा सुनाई जा चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि उन्हें बुधवार तक फांसी दी जा सकती है।
पहले भी चेतावनी दे चुके हैं ट्रंप
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने ईरान को लेकर सख्त रुख अपनाया हो। इससे पहले भी वह चेतावनी दे चुके हैं कि अगर प्रदर्शनकारियों की हत्या होती है तो अमेरिका हस्तक्षेप कर सकता है। अब जब मौतों और संभावित फांसी की खबरें सामने आ रही हैं, तो अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका है।
ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों और संभावित फांसी की खबरों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताजा बयान से साफ है कि अमेरिका इस मुद्दे पर नजर बनाए हुए है और हालात बिगड़ने पर सख्त प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि ईरान क्या कदम उठाता है और अमेरिका उसकी प्रतिक्रिया में क्या रणनीति अपनाता है।












Click it and Unblock the Notifications