Video: ईरानी मिसाइल से आसमान में बन गया था भयावह नजारा, दुबई फ्लाइट में बैठे पैसेंजर ने रिकॉर्ड किया वीडियो
Israel-Iran War: दुबई की फ्लाइट में सवार एक यात्री ने मंगलवार को एक भयावह वीडियो रिकॉर्ड किया है, जिसमें ईरान की तरफ से इजराइल की ओर किए जा रहे रॉकेट हमले को दिखाया गया है। न्यूयॉर्क पोस्ट ने वीडियो को जारी किया है, जिसमें मिसाइल हमले की तीव्रता को दिखाया गया है।
इजराइल ने कहा है, कि ईरान की तरफ से 180 बैलिस्टिक मिसाइल दागे गये हैं, जिन्हें इजराइली डिफेंस सिस्टम और अमेरिकी नेवी ने मिलकर रोक दिया। वहीं, इजराइल डिफेंस फोर्स ने कहा है, कि जवाबी कार्रवाई के लिए प्लान तैयार है, जिससे मिडिल ईस्ट में भीषण जंग की आशंका काफी बढ़ गई है।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वादा किया है, कि कट्टर दुश्मन ईरान, इजराइल के खिलाफ अपने मिसाइल हमले की कीमत चुकाएगा। वहीं, तेहरान ने कहा है, कि किसी भी जवाबी कार्रवाई का सामना "विशाल विनाश" से होगा, जिससे एक व्यापक क्षेत्रीय युद्ध की आशंका बढ़ गई है जो मध्य पूर्व को प्रभावित कर सकता है।
'ईरान ने आज रात एक बड़ी गलती की'
अमेरिका ने अपने पुराने सहयोगी इजराइल को पूरा समर्थन दे दिया है और बाइडेन खुद देर रात तक ईरानी हमले की मॉनिटरिंग कर रहे थे और उन्होंने इजराइल की तरफ आने वाले रॉकेट्स और मिसाइलों को तत्काल मार गिराने का ऑर्डर यूएस नेवी को दिया था।
वहीं, ईरान के सशस्त्र बलों ने कहा है, कि तेहरान के खिलाफ इजराइल के समर्थकों की तरफ से सीधे हस्तक्षेप से क्षेत्र में उनके "ठिकानों और हितों" पर ईरान की ओर से "मजबूत हमला" भड़केगा। वहीं, एक बयान के अनुसार, नेतन्याहू ने राजनीतिक-सुरक्षा बैठक की शुरुआत में कहा, "ईरान ने आज रात एक बड़ी गलती की है - और उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।"
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा है, कि "यह हमला इजराइल द्वारा आतंकवादी नेताओं की हत्या और लेबनान में ईरान समर्थित सशस्त्र आंदोलन हिज्बुल्लाह और गाजा के खिलाफ आक्रामकता के प्रतिशोध में किया गया था।"
इससे पहले, इजराइली सेना ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में मुसलमानों, ईसाइयों और यहूदियों के लिए पवित्र स्थल यरुशलम के पुराने शहर पर ईरानी मिसाइलों की बारिश का रॉ फुटेज जारी किया था।
पिछले दो हफ्तों में लेबनान पर इजराइल के बढ़ते हमले, जिसमें सोमवार को वहां जमीनी कार्रवाई की शुरुआत और गाजा पट्टी में एक साल पुराना संघर्ष शामिल है, उसके कारण ईरान और अमेरिका के बीच क्षेत्रीय युद्ध की आशंकाएं काफी बढ़ गई हैं। इजराइल ने कहा है, कि मंगलवार को अपने हमले में ईरान ने इजरायल पर 180 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। जिसके बाद पूरे इजराइल में अलार्म बजने लगे और यरुशलम और जॉर्डन नदी घाटी में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।
ईरान ने हाइपरसोनिक फतह मिसाइल का किया इस्तेमाल
ईरानी हमले के बाद इजराइल में लोग बम शेल्टर होम में जमा होने लगे और राज्य टेलीविजन पर रिपोर्टर लाइव प्रसारण के दौरान जमीन पर लेटे देखे गए। रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा, कि ईरान की सेना ने पहली बार हाइपरसोनिक फतह मिसाइलों का इस्तेमाल किया और इसकी 90% मिसाइलों ने इजराइल में अपने लक्ष्यों को सफलतापूर्वक मारा है।
इजराइली रियर एडमिरल डैनियल हगारी ने एक्स पर एक वीडियो में कहा, कि इजराइली हवाई सुरक्षा सक्रिय हो गई और अधिकांश मिसाइलों को "इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका के नेतृत्व वाले रक्षात्मक गठबंधन द्वारा" रोक दिया गया। उन्होंने आगे कहा, कि "ईरान का हमला एक गंभीर और खतरनाक वृद्धि है।" ईरान की तरफ से इजराइल पर बैलिस्टिक मिसाइलों को लॉन्च करने के कुछ घंटों बाद, अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने संवाददाताओं से कहा, कि मिसाइल हमले के "परिणाम होंगे, गंभीर परिणाम होंगे।"












Click it and Unblock the Notifications