Singapore: भारतीय मूल के थर्मन शनमुगरत्नम चुने गए सिंगापुर के राष्ट्रपति, 70 फीसदी वोट मिले
Singapore President Election: भारतीय मूल के थर्मन शनमुगरत्नम (Tharman Shanmugaratnam) ने सिंगापुर के राष्ट्रपति पद का चुनाव जीत लिया है। उनको 70 फीसदी वोट मिले हैं। सिंगापुर के चुनाव विभाग ने शनिवार को इसकी घोषणा की।
रॉयटर्स के मुताबिक सिंगापुर की सत्तारूढ़ पार्टी के पूर्व सदस्य थर्मन शनमुगरत्नम ने 70.4 फीसदी वोट के साथ राष्ट्रपति पद की दौड़ जीत ली है। बता दें कि सिंगापुर में नौवें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए शुक्रवार को वोटिंग हुई थी।

हलीमा याकूब की लेंगे जगह
भारतीय मूल के सिंगापुर के पूर्व उप प्रधानमंत्री थर्मन शनमुगरत्नम को देश का अगला राष्ट्रपति चुना गया है। उन्होंने निवर्तमान राष्ट्रपति हलीमा याकूब का स्थान लिया है। हलीमा याकूब सिंगापुर की पहली महिला राष्ट्रपति रही हैं। ऐसे में उनका कार्यकाल 13 सितंबर को समाप्त हो रहा है।
राष्ट्रपति के लिए तीन थे उम्मीदवार
चुनाव विभाग ने 70.4 प्रतिशत वोट हासिल करने के बाद पीपुल्स एक्शन पार्टी (पीएपी) के शनमुगरत्नम को दो प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों पर विजेता घोषित किया। अन्य दो उम्मीदवार एनजी कोक सॉन्ग और टैन किन लियान को हार का सामना करना पड़ा।
वहीं चुनावों के परिणामों की घोषणा करते हुए चुनाव रिटर्निंग अधिकारी तान मेंग दुई ने कहा, "मैं थर्मन शनमुगरत्नम को सिंगापुर के राष्ट्रपति के रूप में विधिवत निर्वाचित उम्मीदवार घोषित करता हूं।"
66 वर्षीय थर्मन शनमुगरत्नम ने सिंगापुर के उप-प्रधानमंत्री का पद भी संभाला है। इसके अलावा उन्होंने शिक्षा और वित्त मंत्री के पद भी जिम्मेदारी भी निभाई हैं। थर्मन ने अपनी राजनीति यात्रा 2001 से शुरू की, जिसके बाद दो दशक से ज्यादा वक्त तक सत्तारूढ़ पीपुल्स एक्शन पार्टी (पीएपी) के साथ काम कर रहे हैं।
भारतीय मूल के तीसरे राष्ट्रपति
सेल्लापन रामनाथन और चेंगारा वीटिल देवन नायर के बाद थर्मन सिंगापुर के तीसरे भारतीय मूल के राष्ट्रपति होंगे। तमिल मूल के राजनेता और सिविल सेवक सेलप्पन रामनाथन, जिन्हें एसआर नाथन के नाम से जाना जाता है, ने 2009 में बेंजामिन शियर्स को हराने के बाद राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया और सिंगापुर के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले राष्ट्रपति थे।
चेंगारा वीटिल देवन नायर, जिन्हें देवन नायर के नाम से बेहतर जाना जाता है, ने 1981 से 1985 में अपने इस्तीफे तक सिंगापुर के तीसरे राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया। नायर एक रबर बागान क्लर्क के बेटे थे, जो मूल रूप से केरल के थालास्सेरी के रहने वाले थे।












Click it and Unblock the Notifications