भारतीय मूल के Mikey Hothi ने US में रच दिया इतिहास, कैलिफोर्निया के पहले सिख मेयर बने
मिकी होथी का परिवार कैलिफोर्निया के उस शहर में रहता है, जो 9/11 के बाद काफी प्रभावित रहा। जिस शहर के दर्जनों मुस्लिम और सिख समुदाय के लोगों को प्रताड़ित किया गया।

Mikey Hothi California Mayor: भारतीय मूल के मिकी होथी ने अमेरिका के कैलिफोर्निया में इतिहास रच दिया है और भारतीय मूल के पहले सिख बन गये हैं, जो अमेरिका में मेयर बन गये हैं। मिकी होथी को सर्वसम्मति से उत्तरी कैलिफोर्निया में लोदी शहर का मेयर चुना गया है। इसके साथ ही मिकी होथी भारतीय मूल के पहले ऐसे सिख बन गये हैं, जिन्होंने कैलिफोर्निया के इतिहास में शीर्ष पद हासिल किया है।

मिकी होथी के माता-पिता हैं भारतीय
मिकी होथी, सिख समुदाय से आते हैं और उनके माता-पिता भारत के रहने वाले है। मिकी होथी को नव-निर्वाचित पार्षद लिसा क्रेग ने नॉमिनेट किया था, जिन्होंने नवंबर में मेयर मार्क चांडलर की सीट के लिए चुनाव जीता था और बुधवार की बैठक के दौरान सर्वसम्मति से उन्हें उप महापौर चुना गया। मिकी होथी, परिषद के पांचवें जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं और पिछले साल मेयर चांडलर के अधीन उप-महापौर के रूप में काम कर चुके हैं। मेयर चांडलर ने पिछली गर्मियों में घोषणा की थी, कि वह फिर से चुनाव नहीं लड़ेंगे। होथी ने शुक्रवार को ट्वीट करते हुए कहा कि, लोदी शहर के 117वें मेयर के रूप में शपथ ग्रहण कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। स्थानीय समाचार पत्र द लोदी न्यूज-सेंटिनल ने बताया कि, आर्मस्ट्रांग रोड पर सिख मंदिर की स्थापना में उनके परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान था।

होथी ने अपने संबोधन में क्या कहा?
वहीं, मेयर बनने के बाद मिकी होथी ने कहा कि, "हमारा अनुभव युनानी, जर्मन और हिस्पैनिक (स्पैनिश भाषी) समुदाय के समान है, जो हमसे पहले आए थे।" उन्होंने कहा कि, "हर कोई लोदी आया, क्योंकि उन्हें अहसास हुआ, कि यह एक सुरक्षित पारिवारिक शहर है। इस शहर में महान शिक्षा, महान लोग, महान संस्कृति, महान मूल्य और सिर्फ कड़ी मेहनत करने वाले लोग हैं। मुझे इस समुदाय को इसके अगले मेयर के रूप में प्रतिनिधित्व करने पर गर्व है।" आपको बता दें कि, मिकी होथी ने साल 2008 में टोके हाई स्कूल से ग्रेजुएशन किया था और उस वक्त अमेरिका में सिखों के लिए रहना काफी मुश्किल था, क्योंकि 9/11 में अमेरिका पर इस्लामिक आतंकियों के हमले के बाद वहां पर काफी संख्या में बेकसूर सिखों और मुस्लिमों को निशाना बनाया गया। फिर भी मिकी होथी ने वहां की राजनीति में अपना कदम रखा और आज मेयर के पद तक पहुंचे।

पंजाब के रहने वाले हैं माता-पिता
मिकी होथी के माता-पिता भारत के पंजाब से रहने वाले हैं और उन्होंने कहा कि, उन विपरीत परिस्थितियों के बाद भी ना सिर्फ उनका परिवार जिंदा रहा, बल्कि इसी शहर में वो फले-फूले भी। मिकी होथी का परिवार कैलिफोर्निया में व्यवसाय करता है और कई कंपनियों का मालिक है, जो काफी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications