यमन के पास जहाज पर फिर से ड्रोन हमला: शिप में 22 भारतीय क्रू मेंबर, बचाव में निकली इंडियन नेवी
अरब सागर में यमन के पास फिर से एक जहाज पर ड्रोन अटैक हुआ है। जहाज पर हमले के बाद उसमें आग लग गई है। इस पर सवार 23 में से 22 क्रू मेंबर भारतीय हैं। वहीं एक अन्य मेंबर बांग्लादेश का है।
भारतीय नौसेना ने मदद के लिए अदन की खाड़ी में तैनात युद्धपोत आईएनएस विशाखापत्तनम भेजा है। जानकारी के मुताबिक ये हमला शुक्रवार रात एमवी मर्लिन लुआंडा नामक जहाज पर हुआ था। जिसके तुरंत बाद जहाज ने मदद के लिए सिग्नल भेजा था।

भारतीय नौसेना के प्रवक्ता द्वारा एक्स पर जारी बयान के अनुसार, भारतीय नौसेना एमवी की सुरक्षा और समुद्र में जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति दृढ़ और प्रतिबद्ध है।
भारतीय नौसेना ने सोशल मीडिया पर कहा कि जहाज से मदद की गुहार मिलने के बाद भारतीय नौसेना के गाइडेड मिसाइल विध्वंसक आईएनएस विशाखापत्तनम को मदद के लिए भेजा गया।
इससे पहले 18 जनवरी को भी एक अन्य जहाज पर अरब सागर में यमन के पास ड्रोन अटैक हुआ था। जेन्को पिकार्डी नाम के इस जहाज पर मार्शल आइलैंड का फ्लैग लगा हुआ था।
हमले के वक्त जहाज अदन की खाड़ी में यमन के अदन पोर्ट से करीब 60 समुद्री मील दूर दक्षिण में था। जहाज पर 22 क्रू मेंबर्स सवार थे, जिसमें से 9 भारतीय थे।
हालांकि इस हमले में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा था। लेकिन इसकी सूचना मिलते ही नेवी ने जहाज को छुड़ाने के लिए वॉरशिप INS चेन्नई और मैरिटाइम पेट्रोलिंग एयरक्राफ्ट P8I को रवाना किया गया था। इसके बाद इसमें सवार 15 भारतीयों समेत सभी 21 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया।
आपको बता दें कि बीते कुछ समय से हूती विद्रोहियों की ओर से जहाजों पर किए जाने वाले हमले के मामलों में तेजी देखने को मिली है।












Click it and Unblock the Notifications