इजराइल पर हिजबुल्लाह के हमले में एक भारतीय की मौत, 2 घायल... भड़के IDF ने लेबनान पर की भीषण बमबारी
Indian National Killed in Israel: समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया है, कि सोमवार को लेबनान से दागी गई एक एंटी-टैंक मिसाइल के इजराइल के उत्तरी सीमावर्ती क्षेत्र मार्गालियट के पास एक बगीचे में गिरने से केरल के एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
इजराइल के बचाव दल मैगन डेविड एडोम (एमडीए) के प्रवक्ता जकी हेलर ने समाचार एजेंसियों को बताया, कि मिसाइल ने सोमवार को सुबह 11 बजे के आसपास इजराइल के उत्तर में गैलील क्षेत्र में एक मोशव (सामूहिक कृषि समुदाय) मार्गालियट में एक बागान पर हमला किया था।

मरने वाला भारतीय नागरिक कौन था?
मिसाइल हमले में केरल के कोल्लम के रहने वाले पटनीबिन मैक्सवेल की मौत हो गई। पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया है, कि उनके शव की पहचान ज़िव अस्पताल में की गई है।
उन्होंने बताया, कि बुश जोसेफ जॉर्ज और पॉल मेल्विन, इस हमले में घायल हो गए है, और उन्हें इलाज के लिए अस्पतालों में ले जाया गया। एक आधिकारिक सूत्र ने पीटीआई को बताया, "चेहरे और शरीर पर चोट लगने के बाद जॉर्ज को पेटा टिकवा के बेलिन्सन अस्पताल ले जाया गया। उनका ऑपरेशन किया गया, उनकी हालत में सुधार हो रहा है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। वह भारत में अपने परिवार से बात कर सकते हैं।"
मेल्विन को भी मामूली चोटों के कारण उत्तरी इजराइली सफ़ेद शहर के ज़िव अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह केरल के इडुक्की जिले से हैं। इससे पहले एमडीए ने कहा था, कि हमले में एक विदेशी कर्मचारी की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए हैं।
मिसाइल किसने दागी?
पीटीआई ने बताया है, कि माना जा रहा है, कि यह हमला लेबनान से संचालित हिजबुल्लाह गुट ने किया था, जो गाजा पट्टी में चल रहे युद्ध के बीच हमास के समर्थन में 8 अक्टूबर से रोजाना उत्तरी इज़राइल पर रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन लॉन्च कर रहा है।
एमडीए ने कहा, कि हमले में सात विदेशी कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें से दो गंभीर रूप से घायल हो गए, और उन्हें उनकी एम्बुलेंस और इजरायली वायु सेना के हेलीकॉप्टरों में बेइलिंसन, रामबाम और ज़िव अस्पतालों में ले जाया गया।
इस बीच, इजराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने सोमवार को कहा, कि उसने प्रक्षेपण स्थल पर तोपखाने से गोलाबारी करके जवाब दिया है। आईडीएफ ने यह भी कहा है, कि उसने हिजबुल्लाह परिसर पर हमला किया, जहां समूह के सदस्य दक्षिणी लेबनान के चिहिने शहर में एकत्र हुए थे, और आयता राख-शब में हिजबुल्लाह से संबंधित एक और ठिकाने पर हमला किया गया है।
आपको बता दें, कि हिजबुल्लाह 8 अक्टूबर से यह कहते हुए इजराइल के उत्तरी समुदायों और सैन्य चौकियों पर हमले कर रहा है, कि वह गाजा का समर्थन करने के लिए ऐसा कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications