साउदी अरब: हत्या में दोषी पाये जाने पर भारतीय का सिर कलम किया

हुआ यूं कि 28 वर्षीय भारतीय मोहम्मद लतीफ कुछ साल पहले साउदी अरब गया। वहां पर एक कामगार के रूप में फैक्ट्री में काम करने लगा। इसी बीच उसकी दोस्ती रियाद के दफेर बिन मोहम्मद अल दुसारी से हुई। दोस्ती इतनी गहरी हो गई कि पैसे का लेनदेन शुरू हो गया। दो साल पहले दफेर ने लतीफ से 8500 दिरहम उधार मांगे, और किश्त पर लौटाने की बात पक्की हुई। लेकिन दफेर समय पर पैसा लौटाने में नाकाम रहा। लतीफ और दफेर के बीच कहासुनी हुई और फिर दोनों के बीच झड़प और मारपीट। लतीफ ने दफेर को पीट पीट कर मार डाला।
साउदी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों पर दोषी ठहरा दिया और मौत की सजा सुना दी। मौत की सजा के तौर पर गुरुवार को लतीफ का सिर कलम कर दिया गया।
ऐसी घटना पहली बार नहीं हुई है इससे पहले 2009 में दो श्रीलंकाईयों और एक भारतीय का सिर कलम कर दिया गया था। इन तीनों ने मिलकर एक घर में डकैती डाली थी और साउदी अरब की एक महिला की हत्या कर दी थी। भारतीय का नाम मोहम्मद नौशाद था, वो केरल का रहने वाला था। सउदी पुलिस ने नौशाद को गिरफ्तार किया और पहले उसे 500 कोड़े लगाये और फिर जेल में बंद कर दिया। उसके बाद सजा का समय आने पर उसका सिर कलम कर दिया गया। चूंकि नौशाद के घर से कोई पहुंचा नहीं तो उसके शव को वहीं दफ्न कर दिया गया।
हम आपको बता दें कि हत्या और बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों के लिये साउदी अरब समेत कई इस्लामी देशों में सिर कलम करने की सजा ही है।












Click it and Unblock the Notifications