सामंथा, वरूण, स्वरा, सोनम.. गाजा में इजराइली स्ट्राइक पर तमतमाया बॉलीवुड, हमास के हमले पर साध रखी थी चुप्पी!
Bollywood on Gaza War: गाजा में इजराइली बमबारी के बाद मची तबाही के बाद बॉलीवुड के एक वर्ग ने इजराइल की भारी निंदा की है और बॉलीवुड का एक हिस्सा, इजराइल के खिलाफ अभियान चलाने लगा है।
कई भारतीय सेलिब्रिटी ने गाजा के दक्षिणी हिस्से में स्थिति रफा में इजराइली बमबारी की कड़ी निंदा की है, जिसमें कम से कम 45 लोगों की मौत हो गई है।

लेकिन, सवाल ये उठ रहे हैं, कि जब हमास ने 7 अक्टूबर को दक्षिणी इजराइल पर हमला किया था और करीब 1200 इजराइली लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी थी, लड़कियों को मारकर नंगा घुमाया गया था, रेप किए गये थे और प्वाइंट ब्लैंक रेंज से हमास के आतंकियों ने लोगों को गोली मारी थी, क्या उस वक्त बॉलीवुड के चेहरे आंख पर खीरे की कतरन डालकर सो रहे थे?
गाजा में इजराइल ने मचाई तबाही
इसमें कोई शक नहीं, कि इजराइली बमबारी ने गाजा पट्टी को तबाह कर दिया है और रफा पर जो लेटेस्ट हमला हुआ है, उसमें सैकड़ों नागरिक बुरी तरह से घायल हो गये हैं, सैकड़ों नागरिकों को छर्रे लगे हैं और उनतक मानवीय सहायता भी नहीं पहुंच पा रही है और कई ग्लोबल लीडर्स ने इस घटना की निंदा भी की है, लेकिन बॉलीवुड को लेकर सवाल इसलिए उठ रहे हैं, क्योंकि इजराइल-हमास युद्ध को लेकर इन्होंने सलेक्टिव नजरिया अपनाया है।
बॉलीवुड के इन एक्टर्स ने दक्षिणी इजराइल पर हमास के हमले के बाद एक भी ट्वीट नहीं किया। इन्होंने हमास के आतंक की कोई निंदा नहीं की, लेकिन इजराइल के पलटवार पर इनके अंदर का क्रांतिकारी जीव जग गया।
साउथ स्टार सामंथा ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर कई पोस्ट के जरिए राफा पर इजरायल के हमले की निंदा की है।
सामंथा ने अपने पोस्ट में लिखा है, कि "इजराइली मिलिट्री ने गाजा के तेल सुल्तान और रफा में शरणार्थियों के शिविर पर एयरस्ट्राइक किए हैं और जो वीडियो सामने आ रहे हैं, वो अविश्वसनीय हैं। कैंपों में आग लगे हैं, जहां विस्थापितों ने शरण ले रखे थे और इजराइल ने कहा है, कि उन्होंने 'हमास कंपाउंड' पर हमला किया है। मानवीय मदद पहुंचाने वालों का कहना है, कि कई लोग जिंदा जल गये हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।"
सामंथा ने आगे लिखा है, कि "इजराइल ने ये हमला उस वक्त किया है, जब इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस ने रफा में तत्काल हमले रोकने का आदेश दिया था। इस आतंक के खिलाफ कोई शब्द नहीं हैं। कोई ऐसा जगह नहीं है, जो सुरक्षित हो। इसे तत्काल रोका जाना चाहिए।"
सामंथा के पोस्ट से पता चलता है, कि उनके पास गाजा युद्ध को लेकर गहरी जानकारी है और उन्हें ICJ के फैसले के बारे में भी पता है। और इसीलिए सवाल उठ रहे हैं, कि फिर सामंथा को हमास के उस हमले के बारे में कैसे पता नहीं चला, जो उसने दक्षिणी इजराइल पर किया था और जिसके बाद इजराइल ने जवाबी कार्रवाई शुरू की।
वहीं, अभिनेत्री स्वरा भास्कर, जो फिलिस्तीनी अधिकारों की प्रबल समर्थक रही हैं, उन्होंने भी रफा हमले के बारे में अपना गुस्सा और निराशा व्यक्त करते हुए इंस्टाग्राम स्टोरीज पर दनादन कोई पोस्ट लिखे हैं।
उन्होंने लिखा है, कि "हम एक ऐसी दुनिया में रहते हैं, जो हमसे उम्मीद करती है कि हम बच्चों के सिर काटे जाने और टेंट में जिंदा जलाए जाने पर संतुलित प्रतिक्रिया दें!!!! मेरे दिल में शब्द नहीं हैं, केवल उन घमंडी श्वेत पुरुषों (और महिलाओं और लोगों) के लिए शाप हैं, जिन्होंने ऐसा किया, इसे सक्षम किया, इसे बढ़ावा दिया, इसे वित्तपोषित किया, इसका समर्थन किया, इसे सामान्य बनाने के लिए एक कहानी बनाई, इसका जश्न मनाया।"
स्वरा भाष्कर ने एक कदम और आगे जाते हुए इस घटना को 'श्वेत बनाम ब्राउन' की लड़ाई बता दिया। उन्होंने लिखा है, कि "इससे पहले कि लोग मेरी प्रतिक्रिया पर हमला करें, आप जानते हैं, कि ऐसा इसलिए हो रहा है, क्योंकि यहूदी श्वेत हैं और फिलीस्तीनी ब्राउन हैं। ये एक नस्लीय मुद्दा है और ये एक कोलोनियन मुद्दा है।"
इसके अलावा, अभिनेत्री फातिमा सना शेख ने भी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर अपने विचार शेयर किए और लिखा है, "रफा में बच्चों के सिर काटे जाने का एक बहुत ही परेशान करने वाला वीडियो देखा। इसे अब और अनदेखा नहीं किया जा सकता। यह कब खत्म होगा!"
वरुण धवन और सोनम कपूर ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर गाजा को लेकर अपना समर्थन शेयर किया है।
टीवी एक्टर एली गोनी ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर 'ऑल आइज़ ऑन राफा' पोस्ट शेयर की। उन्होंने 'ICJ के आदेश के बाद 48 घंटों में इजरायल द्वारा राफा पर 60 बार बमबारी' के बारे में एक पोस्ट भी रीशेयर किया है।
गौहर खान ने राफा हमले के बारे में कई पोस्ट शेयर किए। उन्होंने लिखा, "आज रात, गाजा में माताएं फिर से अपने बच्चों को गोद में लेंगी और उम्मीद करेंगी कि वे सो जाएं। और वे और हम प्रार्थना करेंगे कि वे जाग जाएं।"
बॉलीवुड के इन एक्टर्स ने इजराइल को काफी भला बुरा किया, लेकिन इनके मुंह से हमास के खिलाफ एक बोल नहीं फूटे, जिनके कब्जे में अभी भी सौ से ज्यादा इजराइली बंधक हैं और वो अभी तक बंधकों को इसलिए रिहा नहीं किया है, ताकि वो ब्लैकमेल करके इजराइल की जेल में बंद अपने आतंकियों को रिहा करवा सके।
आपको बता दें, कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस हमले को एक "दुखद दुर्घटना" बताया है, लेकिन साथ ही 7 अक्टूबर के हमले के बाद हमास को नष्ट करने और सभी बंधकों को वापस लाने के लिए सैन्य अभियान को आगे बढ़ाने की कसम भी खाई।












Click it and Unblock the Notifications