अमेरिका में बस 1 फीसदी भारतीयों की आबादी, मगर देते हैं 6% टैक्स, सांसद ने की जमकर प्रशंसा
अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य रिच मैक्कोर्मिक ने गुरुवार को सदन में यह सूचित किया कि अमेरिका में भारतीय मूल के नागरिकों की आबादी महज 1 फीसदी है, लेकिन वे करीब 6 फीसदी करों का भुगतान करते हैं।

Image: rich mccormick Facebook
अमेरिकी संसद में भारतीय नागरिकों को भूरी-भूरी प्रशंसा की गई है। अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य रिच मैक्कोर्मिक ने गुरुवार को सदन में भारतीय लोगों की प्रशंसा करते हुए गर्व से बताया कि अमेरिका में भारतीय मूल के नागरिकों की आबादी महज 1 फीसदी है, लेकिन वे करीब 6 फीसदी करों का भुगतान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह भारतीय मूल के लोग कभी भी अमेरिका में समस्या के कारण नहीं बनते बल्कि कानूनों का पालन करते हैं।

जॉर्जिया में 20 फीसदी भारतीय मूल के डॉक्टर
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में अपना पहला भाषण दे रहे 54 वर्षीय रिच मैक्कोर्मिक ने गुरुवार को कहा, "मैं इस अवसर पर विशेष रूप से उन मतदाताओं की सराहना करने के लिए खड़ा हुआ हूं जो भारत से यहां आकर बस गए हैं। हमारे पास करीब एक लाख लोगों के समुदाय का एक बहुत बड़ा हिस्सा है, जो सीधे भारत से आकर बसे हैं।" पेशे से चिकित्सक मैककॉर्मिक ने ये भी कहा कि इतनी कम आबादी होने के बावजूद उनके समुदाय में हर 5 में से 1 डॉक्टर भारतीय है। यह बड़ी बात है।

'इमानदार होते हैं भारतीय'
मैक्कोर्मिक ने भारतीय-अमेरिकियों को महान देशभक्त, ईमानदार नागरिक और अच्छा दोस्त बताया। उन्होंने कहा, "वे अमेरिकी समाज का करीब एक फीसदी हैं, लेकिन वे लगभग छह फीसदी करों का भुगतान करते हैं। वे समस्याएं खड़ी नहीं करते। वे कानून का पालन करते हैं। वे अमेरिका में हमारे कुछ सबसे अच्छे नागरिकों का प्रतिनिधित्व करते हैं। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हम उन लोगों के लिए आव्रजन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करें जो इस देश में कानून का पालन करने और अपने करों का भुगतान करने के लिए आते हैं और समाज में रचनात्मक भूमिका निभाते हैं।"

'आदर्श नागरिक होते हैं भारतीय'
मैककॉर्मिक, जो कि जॉर्जिया के 6वें कांग्रेसनल जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं, ने कहा अन्य लोगों को देखिए...वे हमारे पास ड्रग्स ओवरडोज और कई तरह की शिकायतों के साथ आते हैं। भारतीयों को देखिए...वे श्रेष्ठ उत्पादक लोगों में से एक हैं, परिवार के प्रति समर्पित हैं और सबसे अच्छे अमेरिकी नागरिकों का प्रतिनिधित्व करते हैं। भगवान मेरे भारतीय मतदाताओं पर अपनी कृपा रखे। मैककॉर्मिक ने ये भी कहा कि वह अटलांटा में भारत की महावाणिज्यदूत डॉ. स्वाति विजय कुलकर्णी से मिलने के लिए उत्सुक हैं, क्योंकि उनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

हर फील्ड में छाए भारतीय नागरिक
मैककॉर्मिक, जो कि जॉर्जिया का प्रतिनिधित्व करते हैं, वहां भारतीय-अमेरिकियों की अच्छी खासी आबादी है। न सिर्फ जॉर्जिया बल्कि पूरे अमेरिका में भारतीयों की बड़ी आबादी है। हालिया रिपोर्ट के मुताबिक वहां लगभग 42 लाख भारतीय-अमेरिकी/भारतीय मूल के लोग रहते हैं। भारतीय अमेरिकी अमेरिका में तीसरे सबसे बड़े एशियाई जातीय समूह का गठन करते हैं। भारतीय अमेरिकी अमेरिका में सबसे सफल अप्रवासी समुदायों में से एक हैं और राजनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications