भारत बनाम पाकिस्तान... सैन्य शक्ति के मामले में कौन कितना ज्यादा शक्तिशाली है?
India vs Pakistan Military 2023: भारत आज अपना स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, जबकि पाकिस्तान ने कल अपना स्वतंत्रता दिवस मनाया है। भारतीय उपमहाद्वीप में भारत और पाकिस्तान दो कट्टर प्रतिद्वंद्वी हैं और दोनों देशों के बीच चार युद्ध हो चुके हैं, जिसमें बार पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी है।
भारतीय सेना और पाकिस्तानी सेना ने अतीत में कई युद्ध लड़े हैं, और अब ये दोनों देश परमाणु शक्तियां बन चुकी हैं, हालांकि पाकिस्तान में आंतरिक अस्थिरता को देखते हुए, किसी भी छोटे पैमाने के युद्ध को पूर्ण परमाणु युद्ध में बदलने की क्षमता है। लिहाजा, भारत और पाकिस्तान की सैन्य शक्तियों की अकसर तुलना की जाती रही है।

हालांकि, जब भी लड़ाई हुई है, भारत ने हमेशा से पाकिस्तान को पीटा है, क्योंकि एक तो भारत ज्यादा शक्तिशाली है, दूसरी बात ये है, कि हमारे सैनिक उनके मुकालबे ज्यादा बहादुर हैं। पाकिस्तान के पास भारत के किसी भी हमले का सामना करने के लिए आर्थिक और सैन्य शक्ति, दोनों की भारी कमी है। पाकिस्तान, अब भारत के साथ कोई भी लड़ाई बर्दाश्त नहीं कर सकता है, फिर भी आइये जानते हैं, कि दोनों देशों की सेना में कौन कितना शक्तिशाली है।
भारत बनाम पाकिस्तान: कौन ज्यादा शक्तिशाली है?
2023 ग्लोबल फायर पावर इंडेक्स (जीएफपी) के मुताबिक, भारत दुनिया की चौथी सबसे अच्छी सैन्य ताकत है। वह सिर्फ अमेरिका, रूस और चीन से ही पीछे है। वहीं, जीएफपी की वार्षिक रैंकिंग के पावर इंडेक्स में पाकिस्तान 7वें स्थान पर है। इस प्रकार भारत समग्र सैन्य ताकत के मामले में पाकिस्तान की तुलना में काफी बेहतर स्थिति में है। आइए अब सैन्य ताकत के अलग अलग मानकों दोनों देशों की तुलना करते हैं।
भारत पाकिस्तान
एक्टिव जवान 14.5 लाख 6.54 लाख
डिफेंस बजट 75 अरब डॉलर 11 अरब डॉलर
कुल एयरक्राफ्ट 2210 1413
फायटर एयरक्राफ्ट 577 363
हेलीकॉप्टर्स 807 322
टैंक 4,614 3,742
नेवल फ्लीट 295 114
एयरक्राफ्ट कैरियर 2 0
पनडुब्बी 18 09
भारत बनाम पाकिस्तान सेना
साल 2023 तक, भारत के पास दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी सक्रिय सेना है। भारतीय सेना में वर्तमान में 14 लाख से ज्यादा सैन्य कर्मी सक्रिय हैं। इसके अलावा, 11 लाख रिजर्व कर्मी भारतीय सेना में हैं। इसकी तुलना में, पाकिस्तान में लगभग 6.5 लाख सक्रिय कर्मी और 5.5 लाख रिजर्व फोर्स है। वहीं, भारत के पास भी 25 लाख अर्धसैनिक बल हैं, जबकि पाकिस्तान के अर्धसैनिक बलों में केवल 5 लाख लोग हैं।

भारत और पाकिस्तान के रक्षा बजट की तुलना
करीब 73.8 बिलियन डॉलर के साथ, भारत का रक्षा बजट विश्व स्तर पर तीसरा सबसे बड़ा है। वह केवल संयुक्त राज्य अमेरिका और चीन से ही पीछे है। हालांकि, रक्षा बजट का एक बड़ा हिस्सा सैन्य कर्मियों और पेंशन पर खर्च किया जाता है। भारत हथियारों के सबसे बड़े आयातकों में से एक है। इसकी तुलना पाकिस्तान से करें, जिसका रक्षा बजट करीब 11.8 अरब डॉलर है।पाकिस्तान हथियारों का आयातक भी है। इसके अलावा, पाकिस्तान में रक्षा प्रशासन भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन से ग्रस्त है। परिणामस्वरूप, रक्षा पर वास्तविक खर्च काफी कम हो पाता है।

भारत और पाकिस्तान की वायु शक्ति तुलना
हवाई ताकत के मामले में भारत, पाकिस्तान से काफी आगे है। 2023 तक भारत के पास करीब 2,210 विमान हैं। हालांकि, चीन और पाकिस्तान से शत्रुता को देखते हुए ये विमान अभी भी इसकी आवश्यकता को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। भारत के पास भी लगभग 577 लड़ाकू विमान हैं, जिनमें रूस निर्मित सुखोई, एमआईजी 29, एमआईजी 27, फ्रांस निर्मित राफेल, स्वदेश निर्मित तेजस और कुछ अन्य विमान शामिल हैं।
भारत की तुलना में, पाकिस्तान के पास करीब 1400 विमान, 363 लड़ाकू विमान और 59 कार्गो विमान हैं। पाकिस्तान के ज्यादातर विमान चीन और अमेरिका से खरीदे गये हैं। पाकिस्तान का घरेलू विमान उद्योग बहुत शुरुआती चरण में है। हाल ही में पाकिस्तान और चीन ने जेएफ 17 विमान बनाया है। यह चीन के सहयोग से पाकिस्तान द्वारा बनाया गया पहला विमान है। पाकिस्तान के पास अमेरिका निर्मित F16 विमान और मिराज III जैसे विमान भी हैं।

नौसेना शक्ति
जब समुद्र में शक्ति दिखाने की बात आती है, तो भारत, पाकिस्तान से काफी ज्यादा मजबूत है। भारत की तटरेखा 7,000 किमी से ज्यादा है और हिंद महासागर में इसकी स्थिति काफी रणनीतिक है, जिसके कारण इसे हिंद महासागर में एकमात्र प्रमुख नौसैनिक शक्ति माना जाता है।
भारत के नौसैनिक बेड़े की संख्या लगभग 295 है। और, भारत के पास दो एयरक्राफ्ट कैरियर हैं, आईएनएस विक्रांत और आईएनएस विक्रमादित्य।
आईएनएस विक्रांत का निर्माण घरेलू स्तर पर किया गया था और यह नौसैनिक विमान वाहक बनाने की भारत की क्षमता को दर्शाता है। यह भारत को हिंद महासागर में स्पष्ट बढ़त भी देता है, क्योंकि किसी भी अन्य दक्षिण एशियाई देश के पास एयरक्राफ्ट कैरियर नहीं है।
इसके अलावा, भारत के पास दो परमाणु पनडुब्बियां भी हैं, आईएनएस अरिहंत और आईएनएस अरिघाट। इसके अलावा, दो और परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बियां बनाई जा रही हैं। भारत के पास 16 पारंपरिक पनडुब्बियां भी हैं, जो नौसैनिक सीमाओं की सुरक्षा में मदद करती हैं। भारतीय नौसेना के पास विध्वंसक, फ्रिगेट और गश्ती जहाज भी हैं।
इसकी तुलना पाकितान से करें, तो पाकिस्तान की तटरेखा करीब 1,100 किमी है और खाड़ी देशों के करीब है। पाकिस्तान के बेड़े की संख्या 114 है, जो भारत के बेड़े की संख्या के आधे से भी कम है। इसके अलावा, पाकिस्तान के पास कोई एयरक्राफ्ट कैरियर नहीं है। यहां तक कि पनडुब्बियां, भारत की कुल पनडुब्बी ताकत का आधा हिस्सा हैं। पाकिस्तान के पास केवल दो विध्वंसक, 48 गश्ती जहाज और 6 फ्रिगेट हैं।












Click it and Unblock the Notifications