PM Modi US Visit: पीएम नरेन्द्र मोदी का अमेरिका दौरा कल से होगा शुरू, विदेश मंत्रालय ने बताया 'मील का पत्थर'
PM Modi US Visit: भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल अमेरिका की राजकीय यात्रा पर रवाना हो रहे हैं और उनकी यात्रा शुरू होने से पहले भारत के विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उनकी यात्रा की जानकारियां दी हैं।
भारत के विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने पुष्टि की है, कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिका आने का न्योता दिया है और यह यात्रा, पीएम मोदी की अमेरिका की पहली आधिकारिक राजकीय यात्रा है।

काफी महत्वपूर्ण है पीएम मोदी की यात्रा- क्वात्रा
भारत के विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी की आगामी यात्रा को दोनों देशों के संबंधों के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण यात्रा के संबंध में भारक की अमेरिका में वास्तविक और व्यापक रुचि पर जोर दिया।
उन्होंने पीएम मोदी के यात्रा के कार्यक्रम को लेकर कहा, कि पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा 21 जून को न्यूयॉर्क से शुरू होगी, जहां वो अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके अलावा, पीएम मोदी के साथ सिलिकॉन वैली के टेक्नोलॉजी लीडर्स भी शामिल होंगे, जो उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
पीएम मोदी की यात्रा से पहले अमेरिका में कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं और एक प्रारंभिक कार्यक्रम के रूप में कैलिफोर्निया के सैन जोस में 'भारत-अमेरिका साझेदारी: नई विश्व तकनीक-व्यवस्था की कुंजी' शीर्षक से एक सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन में रविवार को प्रमुख कंपनियों के सीईओ, उपाध्यक्ष और वैश्विक प्रमुखों ने भाग लिया और पीएम मोदी की यात्रा के महत्व पर प्रकाश डाला।
वहीं, 22 जून को प्रधानमंत्री यात्रा का ध्यान द्विपक्षीय जुड़ावों पर केंद्रित होगा, जिसमें व्हाइट हाउस में स्वागत, द्विपक्षीय बैठकें, अमेरिकी कांग्रेस में एक संबोधन और व्हाइट हाउस में रात्रिभोज शामिल होगा, जिसकी मेजबानी राष्ट्रपति जो बाइडेन करेंगे। ये व्यस्तताएं भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को और मजबूत करेंगी।
वैसे तो 22 जून को पीएम मोदी के सम्मान में व्हाइट हाउस में डिनर कार्यक्रम रखा गया है, लेकिन पीएम मोदी के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने वाले अधिकारियों के मुताबिक, 21 जून को बाइडेन परिवार की तरफ से पीएम मोदी के लिए अंतरंग डिनर कार्यक्रम रखा गया है। 21 जून को पीएम मोदी बाइडेन परिवार के साथ डिनर करेंगे, जिसे अमेरिका की फर्स्ट लेडी, जिल बाइडेन होस्ट करेंगी। इस कार्यक्रम में चुनिंदा लोग ही शामिल होंगे।
22 जून की सुबह व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में 21 तोपों की सलामी के साथ पीएम मोदी का आधिकारिक स्वागत किया जाएगा। इसे देखने के लिए 7,000 से ज्यादा भारतीय अमेरिकी जुटेंगे।
22 जून को ही पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, एक द्विपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें दोनों देशों के बीच रक्षा और टेक्नोलॉजी साझेदारी और जलवायु परिवर्तन पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है। इस द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेता एक ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।
22 जून की दोपहर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबिधित करेंगे, जिसमें अमेरिका के हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव (भारत के मुताबिक लोकसभा) और सीनेट (जैसे भारत में राज्यसभा) के सदस्य शामिल होंगे। ये दूसरी बार होगा, जब पीएम मोदी अमेरिका के संसद को संबोधित करेंगे, जहां वो भारत के भविष्य के बारे में अपना दृष्टिकोण रखेंगे और दोनों देशों के सामने वैश्विक चुनौतियों को लेकर अपनी राय रखेंगे।
23 जून को ही वाशिंगटन में रोनाल्ड रीगन सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे। एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, भाग लेने वालों में भारतीय मूल के डॉक्टर, होटल व्यवसायी, वकील और उद्योगपति शामिल होंगे।
ऐसा माना जा रहा है, कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिका यात्रा के दौरान कई भाषण देने वाले हैं, जिसमें कोविड संकट के बाद भारत की सफलता की कहानी, आर्थिक विकास, डिजिटल विकास, इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के बारे में बात करेंगे।
अमेरिका की अपनी यात्रा के बाद, प्रधानमंत्री मोदी 24 और 25 जून को मिस्र की अपनी पहली यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा अत्यधिक महत्व रखती है, क्योंकि यह 1995 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की मिस्र की पहली यात्रा होगी।












Click it and Unblock the Notifications