India Pak Tension: पाकिस्तान के NSA असीम मलिक ने अजीत डोभाल से लगाई गुहार, फोन पर की मिन्नतें
India Pak Tension: पाकिस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के बाद डर का माहौल है। पाकिस्तान में कल 9 ठिकानों पर भारत के अटैक के बाद पाकिस्तानी आर्मी और सरकार दोनों में अंदर तक भय व्याप्त है। हाल ये है कि भारत के गुस्से को कम करने के लिए पाकिस्तान NSA लेफ्टिनेंट जनरल असीम मलिक ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को फोन लगाकर बात की है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद हुई बातचीत
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच, भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और पाकिस्तान के NSA लेफ्टिनेंट जनरल असीम मलिक के बीच ये बातचीत भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद हुई, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। इस ऑपरेशन में नौ स्थानों पर मिसाइल हमले किए गए, जिसमें जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकवादी संगठनों को कैंप्स को नेस्तनाबूद कर दिया।

अजीत डोभाल और पाक NSA में क्या बात हुई?
इसी बीच पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने तुर्किए की समाचार एजेंसी टीआरटी वर्ल्ड के कामरान यूसुफ के साथ एक इंटरव्यू के दौरान दोनों राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच बातचीत की पुष्टि की। डार ने इस बातचीत में भारत के साथ तनाव कम करने की कोशिशों पर जोर दिया। जिसमें उन्होंने बताया कि पाकिस्तान और भारत के NSA की बात हुई है। हालांकि भारत सरकार ने इस बात को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
आतंकी ठिकानों पर भारत का हमला
आतंकवाद खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए भारतीय सेना ने बुधवार सुबह सीमा पार आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ये कार्रवाई जानबूझकर की गई लेकिन इसका मकसद सिर्फ आतंकवादियों को खत्म करना था। इसमें यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने या आम पाकिस्तानी नागरिक को नुकसान न पहुंचे। ये हमले पहलगाम आतंकी हमले का सीधा जवाब थे, जिसमें एक नेपाली नागरिक सहित 26 लोगों की जान चली गई थी।
ये भी पढ़ें: BLA Attack: ऑपरेशन सिंदूर के बाद BLA का पाक पर हमला, रिमोट कंट्रोल से धमाका कर 14 आर्मी अफसर मारे
LOC पर गोलाबारी जारी
फोन पर हुई इस बातचीत के बावजूद जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा और पुंछ जिले में एलओसी पर सीमा पार से गोलाबारी जारी है। पाकिस्तानी सैनिकों ने गुरुवार आधी रात के बाद करनाह में नागरिक इलाकों को निशाना बनाया। बुधवार से लगातार हो रही गोलाबारी के कारण कई निवासियों को सुरक्षित इलाकों में जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। LOC और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी सेना की भारी गोलीबारी के कारण पुंछ और तंगधार जैसे क्षेत्रों में 15 लोगों की मौत हो गई और 43 अन्य घायल हो गए। जान गंवाने वालों में मासूम बच्चे और महिलाएं शामिल हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कॉमेंट में जरूर बताएं।












Click it and Unblock the Notifications