अमेरिका ने की मोदी सरकार की प्रशंसा कहा- कोरोना की तीन लहरों से जूझने के बावजूद भारत ने की जोरदार वापसी
अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को संसद को सौंपी गई एक रिपोर्ट में कहा है कि कोरोना की तीन घातक लहरों का सामना करने के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने जोरदार वापसी की है।
वाशिंगटन, 11 जून: अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को संसद को सौंपी गई एक रिपोर्ट में कहा है कि कोरोना की तीन घातक लहरों का सामना करने के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने जोरदार वापसी की है। वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी अपनी अर्द्धवार्षिक रिपोर्ट में कहा कि भारत में महामारी की दूसरी लहर ने 2021 के मध्य तक आर्थिक विकास पर बहुत ज्यादा असर डाला था जिससे आर्थिक सुधार में देरी हुई।

कोरोना टीकाकरण की प्रशंसा
अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने भारत के कोरोना टीकाकरण के प्रयासों की प्रशंसा भी की। वित्त मंत्रालय ने कहा कि वर्ष 2021 के अंत तक, भारत की लगभग 44 प्रतिशत आबादी का टीकाकरण पूरा हो चुका था। इसके साथ ही भारत में वर्ष की दूसरी छमाही में आर्थिक गतिविधियों ने जोरदार वापसी की और भारत के टीकाकरण कार्यक्रम में तेजी आई।

2021 में विकास दर नियंत्रित
मंत्रालय ने कहा कि 2020 में भारत की विकास दर सात प्रतिशत थी। 2021 की दूसरी तिमाही में विकास दर महामारी से पहले के स्तर पर पहुंच गई और 2021 में पूरे साल विकास दर आठ प्रतिशत रही। साल 2022 की शुरुआत में कोरोनावायरस के ओमीक्रॉन वैरिएंट के कारण भारत को कोविड-19 की तीसरी लहर का भी सामना करना पड़ा था लेकिन इस दौरान मृतकों की संख्या और आर्थिक गिरावट सीमित ही रही।

6.9 फीसदी राजकोषीय घाटा का अनुमान
विदेश मंत्रालय ने भारत की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार ने 2021 में महामारी को देखते हुए उसके दुष्प्रभावों से बचाने के लिए अर्थव्यवस्था को वित्तीय सहायता देना जारी रखा। अधिकारियों का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2022 में कुल राजकोषीय घाटा जीडीपी का 6.9 तक पहुंच जाएगा, जो कि महामारी से पहले के राजकोषीय घाटे से अधिक है।

अमेरिका ने चीन को पीछे छोड़ा
रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के साथ भारत का द्विपक्षीय व्यापार अधिशेष पिछले एक साल में काफी बढ़ा है। अमेरिका और भारत के बीच 2021-22 में हुए द्विपक्षीय व्यापार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए दैं। वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार अमेरिका अब भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार बन गया है। इस तरह भारत के साथ व्यापार के मामले में अमेरिका ने चीन को पीछ़े छोड़ दिया है।
वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2021-22 में अमेरिका और भारत का द्वपिक्षीय व्यापार बढ़कर 119.42 अरब डॉलर पर पहुंच गया। 2020-21 में यह आंकड़ा 80.51 अरब डॉलर का था।












Click it and Unblock the Notifications