क्रीमिया पुल ब्लास्ट के बाद रूस ने तेज किया हमला, दागे 83 मिसाइल, भारत ने कहा- तुरंत खत्म करें संघर्ष
रूस द्वारा यूक्रेन पर अचानक हमला तेज कर देने के बाद बढ़े संघर्ष को लेकर भारत ने चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि तनाव बढ़ाना किसी के भी पक्ष में सही नहीं है।
क्रीमिया पुल ब्लास्ट (Crimea bridge) के बाद रूस द्वारा यूक्रेन पर अचानक हमला तेज कर देने के बाद बढ़े संघर्ष को लेकर भारत ने चिंता जताई है। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में बयान जारी किया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यूक्रेन(Ukraine) में बढ़े तनाव से भारत काफी चिंतित है। वहां कई इमारतों और आधारभूत ढांचों को नुकसान पहुंचा है और कई आम नागरिकों की मौत हुई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि तनाव बढ़ाना किसी के भी पक्ष में सही नहीं है।
Recommended Video

भारत ने जताई चिंता
भारत ने रूस और यूक्रेन दोनों से शत्रुता को तत्काल समाप्त करने और कूटनीति और बातचीत के रास्ते पर तत्काल लौटने का आग्रह किया। भारत ने कहा कि शांति स्थापित करने के लिए वह हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है। मीडिया के सवालों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विदेश मंत्रालस के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यह बात कही। बता दें कि ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब रूस को क्रीमिया प्रायद्वीप से जोड़ने वाले एक पुल को शनिवार को विस्फोट से उड़ा दिया गया।
पुतिन ने आतंकी कृत्य दिया करार
पुतिन ने केर्च ब्रिज पर किए गए हमले को यूक्रेन के स्पेशल सर्विसेज द्वारा किया गया 'आतंकी कृत्य' करार दिया है। पुतिन ने कहा कि इसी हमले के जवाब में यूक्रेन पर और हमले किए गए हैं। सुरक्षा परिषद की बैठक में टेलीविजन पर टिप्पणी करते हुए पुतिन ने कहा, "अगर हमारे क्षेत्र में आतंकवादी कृत्यों को करने का प्रयास जारी रहता है, तो रूस की प्रतिक्रिया और भी कठोर होगी। किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।"
G-7 देशों की शरण में जेलेंस्की
पुतिन ने पुष्टि करते हुए कहा कि रूसी सेना द्वारा यूक्रेन पर सोमवार को किए गए "बड़े पैमाने पर हमले" ऊर्जा और संचार से जुड़े बुनियादी ढांचे व साथ-साथ सैन्य कमांड प्रतिष्ठानों को टारगेट करते हुए किए गए थे। इस बीच जर्मनी ने कहा है कि जी-7 यूक्रेन में स्थिति पर मंगलवार को एक वीडियो कॉन्फ्रेंस करेगा, जिसमें जेलेंस्की भी भाग लेंगे। इससे पहले यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूस यूक्रेन को धरती से मिटा देना चाहता है। उन्होंने अपने लोगों से बम आश्रयों में रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रूस ने क्रीमिया को छोड़कर देश के हर क्षेत्र में हवाई हमले की चेतावनी दी है।












Click it and Unblock the Notifications