India-Israel: संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर हमले से गुस्साया भारत, नसीहत के साथ दोस्त इजराइल को लगाई फटकार
India has joined 34 countries in condemning the Israeli army's actions against UN peacekeepers in Lebanon, stressing the importance of their safety and security.
UN Peacekeepers: इजराइल-लेबनान सीमा पर बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर चिंता जताने के एक दिन बाद, भारत शनिवार को लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (UNIFIL) के जवानों पर हुए हमले की निंदा करने वाले देशों में शामिल हो गया और इजराइली सेना की कार्रवाई की निंदा की है।
यूनाइटेड नेशंस के शांति सैनिकों पर हुए हमले में लेबनान में तैनात दो शांति सैनिक घायल हो गये हैं, जिसने भारत को गुस्से से भर दिया है। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, कि "एक प्रमुख सैन्य योगदानकर्ता देश के रूप में, भारत 34 UNIFIL सैन्य योगदानकर्ता देशों की तरफ से जारी संयुक्त बयान के साथ है। शांति सैनिकों की सेफ्टी और सिक्योरिटी सर्वोपरि है और इसे मौजूदा UNSC प्रस्तावों के मुताबिक सुनिश्चित किया जाना चाहिए।"

इजराइल की सेना ने बताया है, कि शुक्रवार को दक्षिण लेबनान के नकौरा में स्थित उनके वॉचटावर के पास इजराइली हमले में श्रीलंका के दो संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिक घायल हो गए। वहीं, 48 घंटों में दूसरी बार इस क्षेत्र में शांति सैनिकों के मुख्य अड्डे पर विस्फोट हुए, जहां इजराइली सेना हिज्बुल्लाह से लड़ रही थी।
यूनिफिल बल ने इसे "गंभीर घटनाक्रम" बताया और कहा. कि संयुक्त राष्ट्र कर्मियों और संपत्ति की सुरक्षा की गारंटी दी जानी चाहिए।
यूनिफिल बल में दर्जनों देशों के 10,000 से ज्यादा शांति सैनिक हैं और इसमें भारत के 900 सैनिक हैं, जो किसी एक देश से भेजे गये सैनिकों की दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। सैनिकों का योगदान देने वाले देशों की तरफ से जारी संयुक्त बयान में यूनिफिल शांति सैनिकों पर हमलों की "कड़ी निंदा" की गई और कहा गया, कि "ऐसी कार्रवाइयों को तुरंत रोका जाना चाहिए" और "उनकी पर्याप्त जांच की जानी चाहिए।"
शांति सैनिकों को भेजने वाले 34 देशों की तरफ से भारतीय समय के मुताबिक, शनिवार शाम 7 बजे बयान जारी किया गया था और फिर भारत ने भी उस बयान के साथ खुद को जोड़ते हुए उस बयान के करीब डेढ़ बात रात 8:35 बजे बयान जारी किया।
भारतीय बयान का मतलब क्या है?
यह बयान इजरायल की तरफ से संयुक्त राष्ट्र बलों को निशाना बनाए जाने की कार्रवाई पर भारत की बेचैनी को भी दर्शाता है। भारत का ये बयान, पिछले एक साल में, खासकर पिछले कुछ महीनों में हमास और हिज्बुल्लाह के खिलाफ इजराइल की कार्रवाई को लेकर भारत की तरफ से जारी संतुलनकारी रुख और समर्थन से बिल्कुल अलग है।
शुक्रवार को भारत ने दक्षिणी लेबनान में तीव्र लड़ाई में संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के फंसने की खबरों के बीच "बिगड़ती" सुरक्षा स्थिति पर चिंता व्यक्त की थी। विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा था, कि "हम ब्लू लाइन पर बिगड़ती सुरक्षा स्थिति से चिंतित हैं। हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं।"
आपको बता दें, कि 120 किलोमीटर की ब्लू लाइन संयुक्त राष्ट्र की तरफ से मान्यता प्राप्त सीमांकन रेखा है, जो दक्षिणी लेबनान से इजराइली सेना की वापसी को दर्शाती है। यह लेबनान को इजराइल और गोलान हाइट्स से अलग करती है, लेकिन यह आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय सीमा नहीं है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, कि "संयुक्त राष्ट्र परिसर की अखंडता का सभी को सम्मान करना चाहिए और संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों की सुरक्षा और उनके जनादेश की पवित्रता सुनिश्चित करने के लिए उचित उपाय किए जाने चाहिए।"
10 अक्टूबर को, UNIFIL ने कहा था, कि "ब्लू लाइन पर हाल ही में हुई वृद्धि दक्षिण लेबनान के कस्बों और गांवों में व्यापक विनाश का कारण बन रही हैं।"
बयान में कहा गया था, कि "पिछले दिनों में हमने नकौरा और अन्य क्षेत्रों में लेबनान में इजराइल की ओर से घुसपैठ देखी है। इजराइल रक्षा बल (IDF) के सैनिकों ने लेबनान में जमीन पर हिज्बुल्लाह के साथ संघर्ष किया है।"
हालांकि, इजराइली सैन्य कार्रवाइयों का बचाव करते हुए, भारत में इजराइल के राजदूत रूवेन अजार ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, कि हिज्बुल्लाह शांति सैनिकों को ढाल के रूप में इस्तेमाल करते हुए यूनिफिल चौकियों के करीब से इजराइल पर गोलीबारी कर रहा है। "लेबनान का हिज्बु्ल्लाह यूनिफिल चौकियों के करीब इजराइल पर गोलीबारी कर रहा है, उन्हें ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। इजराइल संयुक्त राष्ट्र बलों की सुरक्षा के लिए कदम उठाना जारी रखेगा और उनकी सुरक्षा के लिए सभी जिम्मेदार हितधारकों के साथ आवश्यक कदम उठाएगा।"












Click it and Unblock the Notifications