हेरात में तमिलनाडु का रहने वाला भारतीय अधिकारी अगवा

शीर्ष आधिकारिक सूत्रों के अनुसार तमिलनाडु से ताल्लुक रखने वाला यह भारतीय नागरिक शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाली एक गैर सरकारी संस्था के साथ जुड़ा था।
अपहरण की पुष्टि करते हुए नयी दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ' हेरात प्रांत में एक एनजीओ के साथ काम करने वाले भारतीय नागरिक को अगवा कर लिया गया है। हमारा दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर कदम उठा रहा है.'
मंगलवार दिन में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने विदेश सचिव सुजाता सिंह के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।
भारतीय नागरिक के अपहरण की पृष्ठभूमि में इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपहरण की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है।
कुछ दिनों पहले ही हेरात स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास पर चार हमलावरों ने हमला किया था। इन हमलावरों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया था।
बीते शुक्रवार को विदेश सचिव सुजाता सिंह हेरात गई थीं और इस हमले के बाद की स्थिति की समीक्षा की थी।
सुजाता सिंह ने काबुल में शनिवार को अफगान राष्ट्रपति हामिद करजई और राष्ट्रपति चुनाव के दो उम्मीदवारों अब्दुल्ला अब्दुल्ला और अशरफ गनी से भी मुलाकात की थी।
पिछले साल अगस्त में अफगानिस्तान के जलालाबाद शहर में स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में विस्फोट का नाकाम प्रयास किया गया था। काबुल में भारतीय दूतावास पर 2008 और 2009 में हमला किया गया था जिनमें 75 लोग मारे गए थे।












Click it and Unblock the Notifications