BBC IT Survey: बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तरों में इनकम टैक्स के छापे, क्या कह रही है दुनिया?
बीबीसी के ऊपर इनकम टैक्स के छापे उस वक्त मारे गये हैं, जब बीबीसी की गुजरात दंगों पर डॉक्यूमेंट्री को लेकर पूरी दुनिया में विवाद हुआ है।

BBC IT Survey: अंतर्राष्ट्रीय मीडिया कंपनी बीबीसी के नई दिल्ली और मुंबई के दफ्तरों पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने लगातार दूसरे दिन भी छापेमारी की है, जिसको लेकर दुनिया भर से प्रतिक्रियाएं आई हैं। बीबीसी पर इनकम टैक्स के छापे को लेकर संयुक्त राज्य अमेरिका, एमनेस्टी इंटरनेशनल, न्यूयॉर्क स्थित पत्रकारों के लिए संस्था (सीपीजे) के साथ पेरिस स्थित रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (RSF) ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। आइये जानते हैं, कि बीबीसी पर पड़े छापे को लेकर दुनिया ने क्या रिएक्शन दिए हैं।

एमनेस्टी इंटरनेशनल ने क्या कहा?
इनकम टैक्स के रेड पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एमनेस्टी इंटरनेशनल ने ट्वीट करते हुए कहा, कि "ये छापे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का घोर अपमान हैं।" एमनेस्टी इंडिया के पूर्व प्रमुख आकार पटेल ने कहा, कि "भारतीय अधिकारी स्पष्ट रूप से बीबीसी को परेशान करने और डराने की कोशिश कर रहे हैं। असंतोष को शांत करने के लिए आयकर विभाग की व्यापक शक्तियों को बार-बार हथियार बनाया जा रहा है।" वहीं, न्यूयॉर्क स्थित स्वतंत्र गैर-लाभकारी समिति टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट्स (CPJ) ने भारत सरकार से पत्रकारों को परेशान करना बंद करने का आग्रह किया है और कहा है, कि "भारतीय अधिकारियों ने पहले महत्वपूर्ण समाचार आउटलेट्स को निशाना बनाने के लिए रेड का सहारा लिया है और बीबीसी कर्मचारियों को परेशान करना तुरंत बंद करना चाहिए। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में स्वतंत्रता के मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए।"
Recommended Video


रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स ने की आलोचना
इसके साथ ही पेरिस स्थित रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (RSF) ने आईटी सर्वेक्षण की आलोचना की है। आरएसएफ ने एक ट्वीट में कहा, कि "@narendramodi पर उनके डॉक्यूमेंट्री की सेंसरशिप के 3 हफ्ते बाद, भारत में @BBCWorld के कार्यालयों की टैक्स अधिकारियों द्वारा की गई तलाशी, एक अपमानजनक प्रतिशोध का निर्माण करती है।" इस बीच, संयुक्त राज्य अमेरिका ने कहा कि वह नई दिल्ली में ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) के कार्यालयों में सर्वेक्षण से अवगत है, लेकिन वह फिलहाल कोई जजमेंट जारी करने की स्थिति में नहीं है।

अमेरिका ने बीबीसी रेड पर क्या कहा?
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, कि "हम भारतीय टैक्स अधिकारियों द्वारा दिल्ली में बीबीसी कार्यालयों की तलाशी के बारे में जानते हैं। और इस सर्च अभियान के डिटेल जानकारी के लिए आपको भारतीय अधिकारियों के पास जाना होगा"। नेड प्राइस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे कहा, कि "हम दुनिया भर में प्रेस की स्वतंत्रता के महत्व का समर्थन करते हैं। हम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और धर्म या विश्वास की स्वतंत्रता को मानव अधिकारों के रूप में सामने रखना जारी रखते हैं, जो दुनिया भर में लोकतंत्र को मजबूत करने में योगदान देता है। इसने इस देश में इस लोकतंत्र को मजबूत किया है। इसने भारत के लोकतंत्र को मजबूत किया है।' उन्होंने जोर देकर कहा, कि ये सार्वभौमिक अधिकार दुनिया भर में लोकतंत्र की नींव हैं।

आईटी रेड पर भारत सरकार ने क्या कहा ?
वहीं, भारत सरकार ने कहा है, कि 'सर्वे' पूरा होने पर विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, कि "आयकर विभाग सर्वेक्षण करता है ... जहां अनियमितताएं पाई जाती हैं ... जब सर्वेक्षण पूरा हो जाता है तो वे एक प्रेस नोट या प्रेस वार्ता द्वारा इसकी जानकारी देते हैं।" वहीं, बीबीसी ने देर रात अपने कर्मचारियों को भेजे गये आंतरिक मेल में कहा है, कि वो इनकम टैक्स अधिकारियों को जांच में पूरा सहयोग दें और बीबीसी ने कहा था, कि वह 'जितनी जल्दी हो सके' स्थिति को हल करने की उम्मीद करता है"। बीबीसी ने कहा है, कि "आयकर अधिकारी नई दिल्ली और मुंबई में बीबीसी कार्यालयों में हैं। कई कर्मचारी अब दफ्तर से जा चुके हैं, लेकिन कुछ को दफ्तर में ही मौजूद रहने के लिए कहा गया है और वे पूछताछ में सहयोग करना जारी रखे हुए हैं।"
पाकिस्तान में कल से 32 रुपये बढ़ेंगे पेट्रोल के दाम, संसद में जनता पर चाबुक चलाने की तैयारी शुरू












Click it and Unblock the Notifications