इमरान खान की कुछ देर में हाईकोर्ट में पेशी, जमानत मिलना लगभग तय, सेना के खिलाफ करेंगे जंग का ऐलान?
इमरान खान को मंगलवार को रेंजर्स ने गिरफ्तार किया था, जब वो इस्लामाबाद हाईकोर्ट में पेशी के लिए गये थे और सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को उनकी गिरफ्तारी को अवैध करार दिया है।

Imran Khan News: अल-कादिर ट्रस्ट मामले में इस्लामाबाद हाईकोर्ट (आईएचसी) में कुछ देर के बाद इमरानम खान की पेशी होने वाली है और पूरी संभावना है, कि उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिल जाएगी। जिसके बाद इमरान खान अपने समर्थकों को संबोधित करेंगे।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने अपने समर्थकों को संघीय राजधानी इस्लामाबाद में बुलाया है, जहां पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान अपने समर्थकों के बीच एक भाषण देने की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट में पेशी के बाद, अगर उन्हें गिरफ्तार करने के आदेश नहीं दिए जाते हैं, जिसकी उम्मीद काफी कम है, तो इमरान खान अपने समर्थकों को संबोधित करेंगे।
पीटीआई ने ट्विटर पर अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया है, जिसमें कहा गया है, कि "तहरीक-ए-इंसाफ के चेयरमैन इमरान खान के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए देश भर से हजारों शांतिपूर्ण पाकिस्तानी आज सुबह श्रीनगर राजमार्ग जी-13 इस्लामाबाद पर एकत्र होंगे।"
ट्वीट में यह भी कहा गया कि आईएचसी में पेश होने के बाद इमरान खान अपने समर्थकों को संबोधित करेंगे।
Recommended Video

सेना-सरकार को बहुत बड़ा झटका
हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में जरूर ये कहा गया है, कि इस्लामाबाद हाईकोर्ट सेना के दबाव में आकर इमरान खान की बेल खारिज कर सकता है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के रिहाई के आदेश के बाद सेना और शहबाज शरीफ की सरकार को बहुत बड़ा झटका लगा है।
इमरान खान अल-कादिर ट्रस्ट मामले की सुनवाई के लिए आईएचसी के सामने पेश होंगे, जिसके संबंध में नेशनल अकाउंटिबिलिटी ब्यूरो (एनएबी) ने इमरान खान को गिरफ्तार किया था, जिसके कारण देश भर में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए हैं।
गुरुवार को इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट में बहुत बड़ी जीत मिली थी, जब सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया, कि 9 मई को आईएचसी परिसर में उनकी गिरफ्तारी "अवैध" थी और अधिकारियों को पीटीआई प्रमुख को "तुरंत" रिहा करना चाहिए। इसके साथ ही, सुप्रीम कोर्ट ने यह भी मिसाल कायम की है, कि किसी भी व्यक्ति को अदालत परिसर के भीतर गिरफ्तार नहीं किया जाएगा।
आपको बता दें, कि पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान मामले की सुनवाई के लिए हाईकोर्ट को पाकिस्तानी समय के मुताबिक, 11 बजे का वक्त दिया है।












Click it and Unblock the Notifications