स्वास्थ्य मंत्री के बाद अब रिपोर्ट बनाने वाले डॉक्टर पर फूटा इमरान खान का गुस्सा, 10 अरब रुपये का भेजा नोटिस
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा था कि इमरान खान की रिपोर्ट में अत्यधिक शराब के सेवन, उनके पैर में फ्रैक्चर के बारे में कोई जानकारी नहीं होने और अस्थिर मानसिक स्वास्थ्य का संकेत दिया गया है।

पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल कादिर पटेल को 10 अरब रुपये का मानहानि का नोटिस भेजने के बाद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अब डॉ रिजवान ताज को भी 10 अरब पाकिस्तानी रुपये का समान नोटिस भेजा है।
डॉ रिजवान वही डॉक्टर हैं जिन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री की गिरफ्तारी के बाद उनकी मेडिकल रिपोर्ट तैयार की और जारी की थी। डॉ रिजवान पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) मेडिकल बोर्ड के प्रमुख हैं।
इमरान खान द्वारा बुधवार को जारी नोटिस में कहा गया है कि 9 मई को इमरान की गिरफ्तारी के बाद किए गए परीक्षण के बारे में रिपोर्ट में साझा की गई जानकारी झूठी, असत्य, निराधार मानहानिकारक थी।
इस नोटिस में डॉ रिजवान ताज को मनगढ़ंत और झूठी मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने के लिए 10 बिलियन पाकिस्तानी रुपये का भुगतान करने के लिए कहा गया है।
इससे पहले मंगलवार को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल कादिर पटेल पर 10 अरब डॉलर की मानहानि का नोटिस भेजा था। दरअसल अब्दुल कादिर ने ये दावा किया था कि इमरान खान की मानसिक संतुलन सही नहीं है और वे प्रतिबंधित ड्रग्स का सेवन करते हैं।
अल-कादिर ट्रस्ट मामले में गिरफ्तार इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट शुक्रवार को सामने आई थी। अब्दुल कादिर पटेल ने इस रिपोर्ट का हवाला देते हुए मीडिया को बताया कि इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट में किसी भी तरह के फ्रैक्चर का कोई जिक्र नहीं है।
इमरान खान ने मंत्री अब्दुल कादिर को 10 अरब रुपए का मानहानि नोटिस भेजने के साथ मंत्री से माफी मांगने भी कहा। इमरान खान ने कहा है कि स्वास्थ्य मंत्री ये स्वीकार करें कि उन्होंने झूठ फैलाया।
इमरान खान ने मंत्री अब्दुल कादिर को नोटिस मिलने के 15 दिनों के भीतर माफी मांगने, झूठ फैलाने की बात स्वीकार करने और 10 अरब रुपए का मुआवजा देने के लिए 15 दिनों का समय दिया है।












Click it and Unblock the Notifications