इमरान खान को एक और बड़ा झटका, कानूनी सलाहकार बाबर अवान ने भी छोड़ा साथ, भागकर पहुंचे लंदन
इमरान खान के करीबी सहयोगी और उनके कानूनी सलाहकार बाबर अवान ने पाकिस्तान छोड़ दिया है। हालांकि उन्होंने दावा किया है कि उनकी ये यात्रा पूर्व नियोजित थी। उनकी सारी दवाई पाकिस्तान से ही चल रही है इसलिए वे वापस आएंगे।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान के सहयोगी एक-एककर उनका साथ छोड़ते जा रहे हैं। पाकिस्तान की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इमरान खान के बेहद करीबी सहयोगी बाबर अवान शुक्रवार को पार्टी के भीतर चल रही अशांति के बीच लंदन के लिए रवाना हो गए।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में सेना के दबाव में इमरान खान की पार्टी के कई प्रमुख नेताओं ने पीटीआई से अलग होने और राजनीति छोड़ने का फैसला लिया है। हालांकि, बाबर अवान ने अपना बचाव करते हुए कहा कि उनकी लंदन यात्रा पहले से तय थी।
बाबर अवान पीटीआई अध्यक्ष इमरान खान के करीबी सहयोगी और कानूनी सलाहकार हैं। जियो न्यूज के अनुसार, उनके पारिवारिक सूत्रों ने कहा कि अवान की लंदन यात्रा पहले से ही निर्धारित थी। उन्होंने दावा किया कि अवान जल्द ही वापस पाकिस्तान लौटेंगे।
अपनी यात्रा को स्पष्ट करते हुए, अवान ने एक ट्वीट में कहा कि वह व्यक्तिगत दायित्वों के कारण पाकिस्तान छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, "मेरी सभी दवाएं पाकिस्तानी हैं और पाकिस्तानी डॉक्टरों द्वारा [मुझे] इलाज मिलता है।"
इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के राइट हैंड कहे जाने वाले पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर फवाद चौधरी ने खान की पार्टी पीटीआई से इस्तीफा दे दिया था। फवाद चौधरी के इस्तीफा देने के कुछ देर बाद खान के एक और करीबी असद उमर ने पार्टी महासचिव पद इस्तीफा दे दिया।
इमरान खान को 9 मई को नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो यानी NAB ने 60 अरब रुपए के अल कादिर ट्रस्ट स्कैम में गिरफ्तार किया था। इसके बाद पाकिस्तान में पीटीआई कार्यकर्ताओं ने खूब बवाल किया। उन्होंने जिन्ना हाउस और आर्मी हेडक्वॉर्टर समेत कई फौजी ठिकानों पर हमले किए थे।
इस बीच पाकिस्तान सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट जारी कर दी है। 9 मई को उन्हें गिरफ्तार करने के बाद उनका मेडिकल टेस्ट कराया गया था। पाकिस्तान सरकार ने इमरान खान के यूरिन सैम्पल में शराब और कोकीन मिलने का दावा किया है। इतना ही नहीं इमरान खान को मेंटली अनफिट भी बताया गया है।












Click it and Unblock the Notifications