इमरान खान की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पत्रकारों पर गाज, पाकिस्तान में रात भर चलती रही गिरफ्तारियां
इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने दावा किया है, कि पाकिस्तान में चल रहे प्रदर्शन में अभी तक उसके 47 कार्यकर्ताओं की मौत हुई है, जबकि 1000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

Pakistan News: पाकिस्तान में चल रहे हिंसक प्रदर्शनों के बीच शहबाज शरीफ की सरकार ने इमरान खान की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया है और ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, करीब दर्जन भर नेताओं को अभी तक गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने दावा किया है, कि पाकिस्तान में चल रहे प्रदर्शन में अभी तक उसके 47 कार्यकर्ताओं की मौत हुई है, जबकि एक हजार से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। पीटीआई ने कहा है, कि उसके एक हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार भी किया गया है।
इमरान की पार्टी के नेताओं की गिरफ्तारी
पाकिस्तान की पुलिस ने इस बात की पुष्टि कर दी है, कि अल-सुबह पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी को सार्वजनिक व्यवस्था के रखरखाव (3 एमपीओ) की धारा 3 के तहत एक छापे में गिरफ्तार किया गया है।
शाह महमूद को बुधवार दोपहर ही गिरफ्तार करने की कोशिश की गई थी, लेकिन वो पुलिस से बचने में सफल रहे थे, लेकिन इस्लामाबाद के गिलगित बाल्टिस्तान हाउस से उन्हें अल-सुबह हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुरैशी पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा में दंगों और आगजनी के मामलों में पुलिस के लिए वांटेड हैं। हालांकि, अपनी गिरफ्तारी से पहले, पीटीआई नेता ने पार्टी कार्यकर्ताओं को देश में सच्ची आजादी के लिए अपना संघर्ष जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया है। उन्होंने पीटीआई कार्यकर्ताओं के लिए एक वीडियो संदेश भी जारी किया है।
आपको बता दें, शाह महमूद कुरैशी, इमरान खान के बाद पीटीआई में दूसरे नंबर पर आते हैं और इमरान खान के गिरफ्तार होने के बाद वो ही पार्टी की आगे की रणनीतियां बना रहे थे।
उन्होंने कहा, कि "पाकिस्तान के विदेश मंत्री के रूप में, मैंने हर मंच पर पाकिस्तान के हितों का बचाव किया। मैं व्यावहारिक राजनीति में पिछले 40 सालों से हूं।" उन्होंने आगे कहा, कि उन्हें कोई पछतावा नहीं है, क्योंकि उन्होंने कोई भड़काऊ बयान नहीं दिया है जिससे मुकदमों का सामना करना पड़े। कुरैशी को भरोसा है कि पीटीआई का संघर्ष मंजिल तक पहुंचेगा।
वहीं, कुरैशी ने इस्लामाबाद में पार्टी अध्यक्ष इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों में लगभग 50 लोगों के मारे जाने पर दुख और सदमा व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, कि एक सार्थक कारण के लिए बलिदान की आवश्यकता होती है और पीटीआई और उसके कार्यकर्ता ऐसे योग्य कारण के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
पत्रकार इमरान खान भी गिरफ्तार
वहीं, पाकिस्तान की पुलिस ने वरिष्ठ पत्रकार इमरान रियाज खान को देर रात उनके घर पर छापा मारकर गिरफ्तार कर लिया है। इमरान रियाज खान की गिरफ्तारी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें पुलिस की जीप में बैठा हुआ देखा जा रहा है और वो कैमरे के सामने कुछ बोलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस कैमरा बंद करवा देती है।
इन सबके बीच लाहौर पुलिस ने पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान, शाह महमूद कुरैशी, मुराद सईद, अली अमीन गंडापुर और अन्य शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ हत्या, डकैती, पुलिस पर हमले और दर्जनों अन्य आरोपों में सात मामले (उनमें से चार आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत) दर्ज किए हैं।
Recommended Video

लाहौर कैंट में जिन्ना हाउस (कोर कमांडर हाउस) पर हमला करने, 150 मिलियन रुपये से अधिक का कीमती सामान लूटने और आग लगाने के लिए उनके खिलाफ एटीए और 20 अन्य जघन्य अपराधों के तहत सरवर रोड पुलिस स्टेशन में मामले दर्ज किए गये हैं।
वहीं, पीएमएल-एन नेता शाहिद खाकान अब्बासी, जो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रह चुके हैं, उन्होंने कहा है, कि इमरान खान ने, जब वह प्रधानमंत्री थे, तो उन्होंने बिना किसी मुकदमे के, बिना किसी आरोप के और बिना किसी जांच के उनकी पार्टी के कई नेताओं को इसी एजेंसी (NAB) के जरिए गिरफ्तार करवाया, जो अब उन्हें हिरासत में ले चुका है।
सीएनएन की क्रिस्टीना मैकफर्लेन के साथ बात करते हुए, उन्होंने कहा, कि वह इस तरह की सैकड़ों जांचों से गुजरे हैं और इमरान को लेकर अभी भी बहुत बड़े पैमाने पर जांच होना बाकी है। उन्होंने कहा, कि इमरान खान के पास इस 'विशेष कानून NAB' को हटाने के कई मौके थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, बल्कि अपने विरोधियों के खिलाफ खुलेआम इसका इस्तेमाल किया।












Click it and Unblock the Notifications