आईआईटी पासआउट प्रदीप गुप्ता बने कैलिफोर्निया शहर के मेयर
आईआईटी चेन्नई के प्रदीप गुप्ता बने अमेरिका के सबसे बड़े राज्य कैलिफोर्निया के शहर के मेयर। अमेरिका के सबसे बड़े राज्य की जिम्मेदारी संभालने वाले दूसरे भारतीय-अमेरिकी मेयर हैं प्रदीप गुप्ता।
कैलिफोर्निया। आईआईटी चेन्नई से पास आउट प्रदीप गुप्ता को अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया राज्य के साउथ सैन फ्रांसिस्को शहर के मेयर चुने गए हैं। उन्होंने इस माह की शुरुआम में अपने पद की शपथ ली। एक मीडिया रिलीज के जरिए इस बात की जानकारी दी गई।

मेयर बनने वाले दूसरे भारतीय
प्रदीप गुप्ता दूसरे ऐसे भारतीय हैं जिन्हें कैलिफोर्निया के इस शहर का मेयर चुना गया है। मेयर चुने जाने पर प्रदीप गुप्ता ने कहा कि इस पद पर आना उनके लिए सम्मान की बात है और वह पूर्व मेयर मार्क एडिगो के काम को आगे बढ़ाते
रहेंगे।
उन्होंने बताया कि उनकी काउंसिल में ऐसे कई लोग हैं जिन्होंने शहर को अपनी सेवाएं दी हैं। अब उन्हें इस काउंसिल को लीड करने का मौका मिला है और वह काफी खुश हैं।
कौन हैं गुप्ता
गुप्ता को 31 दिसंबर 2012 को साउथ सैन फ्रांसिस्को सिटी काउंसिल के लिए नियुक्त किया गया था।
इसके बाद नवंबर 2013 में उन्हें पूरे चार वर्ष के कार्यकाल के लिए चुना गया। तीन वर्ष तक वह साउथ सैन फ्रांसिस्को प्लानिंग कमीशन में रहे हैं। वर्ष 2011 में वह कमीशन के चेयरमैन थे।
30 वर्ष का कैरियर
गुप्ता के पास पुरड्यू यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रीकल इंजीनियरिंग की डिग्री है। उन्होंने एनर्जी एफिशियंसी और लॉन्ग टर्म प्लानिंग ऑफ इलेक्ट्रिक यूटीलिटी सिस्टम में स्पेशलाइज किया हुआ है।
गुप्ता का प्रोफेशनल कैरियर करीब 30 वर्षों का रहा और उन्होंने अमेरिका और अमेरिका के बाहर इलेक्ट्रिक यूटिलिटी इंडस्ट्रीज के साथ काम किया है।
एक और भारतीय बना मेयर
उन्होंने इससे पहले शहर के डिप्टी मेयर के तौर पर काम किया है। इस वर्ष अमेरिका में हुए चुनावों में सविता वैद्यनाथन को कैलिफोर्निया के क्यूपर्टिनो शहर का मेयर चुना गया है।
प्रदीप गुप्ता के मेयर बनने के बाद इस बात का संकेत मिलता है कि भारतीय-अमेरिकियों का वर्चस्व कैसे अमेरिका की राजनीति में बढ़ रहा है।
इस बार के चुनावों में कमला हैरिस से लेकर रो खन्ना और निकी हेले से लेकर शलभ कुमार तक ने अपना दबदबा कायम किया है। शलभ कुमार तो नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ट्रांजिशन टीम में भी है।












Click it and Unblock the Notifications