आतंक पर विदेश मंत्री के कबूलनामे के बाद पाक आर्मी चीफ बाजवा ने मारी पलटी
इस्लामाबाद। ब्रिक्स घोषणापत्र में पाकिस्तान की जमीन पर पल रहे आतंकी संगठनों का नाम आने के बाद अब पाक आर्मी चीफ ने आतंकवाद को लेकर सफाई दी है। पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा ने कहा है कि अगर पाकिस्तान ने आतंकवाद के खिलाफ एक्शन नहीं लिया है तो दुनिया ने भी इसके खिलाफ कुछ नहीं किया है। बाजवा के अनुसार, आतंकवाद के खिलाफ लड़ने की जिम्मेदारी सिर्फ पाकिस्तान की ही नहीं है बल्कि पूरी दुनिया को इसके खिलाफ एक्शन लेना होगा।

चीन के शियामेन शहर में ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान जिस तरह से पाकिस्तान में संचालित आतंकी समूहों का नाम आया और उससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हक्कानी नेटवर्क को पाक सरकार के पनाह देने पर उन्हें जोरदार लताड़ लगाई थी।अब आतंकवाद पर इस वैश्विक फजीहत के बाद पाकिस्तान आर्मी चीफ को सफाई देनी पड़ी है।
पाकिस्तान आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा 1965 युद्ध में शहीद हुए अपने जवानों को श्रद्धांजली देने के बाद कहा, 'पाकिस्तान ने आतंकवाद के खिलाफ पर्याप्त लड़ाई लड़ी है और फिर भी दुनिया को लगता है कि हमने इनके खिलाफ कुछ नहीं किया है। मैं कहना चाहुंगा कि अगर पाकिस्तान ने कुछ नहीं किया है तो किसी ने भी कुछ नहीं किया है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ने के लिए दुनिया को कुछ ज्यादा करना चाहिए'।
हालांकि, आतंकवाद पर पाक आर्मी चीफ का यह बयान अपने विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ के बाद आया है, जिन्होंने कहा था कि अगर लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकवादी संगठनों पर लगाम नहीं लगाई गई तो देश शर्मिंदगी का सामना करता रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications