Afghanistan: राजधानी काबुल में IED से कार को उड़ाया, एक ही दिन में चार धमाके
Afghanistan Hindi News: तालिबान से तमाम समझौतों के बाद भी अफगानिस्तान में आतंकी हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। राजधानी काबुल के लिए बुधवार का दिन काफी बुरा रहा, जहां एक के बाद एक चार ब्लास्ट हुए। हालांकि अभी तक इस हमले में किसी की जान नहीं गई है, लेकिन मौके पर मौजूद कुछ लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं इन वारदातों को देखते हुए पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक बुधवार को काबुल के पश्चिमी हिस्से में गोलाय दवाखाना (Golayee Dawakhana) इलाके में एक आईईडी ब्लास्ट हुआ। जिसमें किसी की जान तो नहीं गई लेकिन दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ये ब्लास्ट एक वाहन के जरिए किया गया था, जो पूरी तरह से तबाह हो गया। वहीं बुधवार को काबुल में ये चौथा धमाका था। घटना के बाद से ही बम निरोधक दस्ता सक्रिय है और जगह-जगह तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
कुछ दिन पहले हुआ था बड़ा हमला
आपको बता दें कि 10 जनवरी को भी अफगानिस्तान में बड़ा धमाका हुआ था। उस दौरान गृह मंत्रालय के पब्लिक प्रोटेक्शन फोर्स के कर्मचारी समेत तीन लोग मारे गए थे, जबकि दो लोग बुरी तरह से जख्मी हुए थे। उस दौरान भी आतंकियों ने पुरानी तकनीक का इस्तेमाल करते हुए कार से बम चिपकाकर हमले को अंजाम दिया था। बीते कुछ महीनों में अफगानिस्तान में टारगेट किलिंग की घटनाएं काफी बढ़ी हैं।
(तस्वीर- प्रतीकात्मक)












Click it and Unblock the Notifications