'आई एम बैक ओबामा', स्टीवन के हत्यारे जेहादी जॉन का ओबामा पर तंज
वाशिंगटन। इराक में टाइम और फॉरेन पॉलिसी मैगजीन के लिए लिखने वाले अमेरिकी जर्नलिस्ट स्टीवन सोटलॉफ की हत्या के वीडियो ने अगर ओबामा के लिए नई मुसीबतें पैदा कर दी हैं तो वहीं अमेरिका के सामने नई चुनौतियां पेश कर दी हैं।

हैरानी की बात है अब हत्यारे सीधे तौर पर ओबामा को धमकी दे रहे हैं। स्टीवन की हत्या करने वाला वही ब्रिटिश नागरिक है जिसने इसी तरह से जेम्स फॉली को मारा था।
जेहादी जॉन का ओबामा को संदेश
इसे 'जेहादी जॉन' नाम दिया गया है। हत्यारे की ओर से स्टीवन की हत्या करने से पहले ओबामा को धमकाने के अंदाज में इसने कहा था, 'आय एम बैक ओबामा।'
इसके बाद इस हत्यारे ने अपने अगले निशाने को वीडियो में पेश किया था। आईएसआईएस का अगला निशाना एक ब्रिटिश नागरिक है।
इस तंज के साथ ही जेहादी जॉन ने अमेरिका को धमकी दी है कि जब तक अमेरिका की मिसाइल आईएसआईएस के लोगों को निशाना बनाती रहेगी, तब तक अमेरिकी और ब्रिटिश लोगों की हत्या होती रहेगी।
वहीं जेहादी जॉन ने दूसरे देशों को भी अमेरिका से दूर रहने की धमकी दी है। यहां यह बात भी गौर करने वाली है कि स्टीवन की हत्या कैमरुन के उस एक्शन के 24 घंटे बाद की गई है जिसमें कैमरुन ने मिडिल ईस्ट से आने वाले चरमपंथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी।
ओबामा की मुसीबतें बढ़ीं
वहीं स्टीवन की हत्या जेम्स की हत्या के ठीक दो हफ्ते बाद अंजाम दी गई है और अब ओबामा की मुसीबतें बढ़ती नजर आने लगी हैं।
अमेरिकी कांग्रेस के सांसदों ने ओबामा से अपील की है कि अब जबकि यह नया वीडियो सामने आ गया है तो उन्हें आईएसआईएस के खिलाफ युद्ध छेड़ने में देर नहीं करनी चाहिए।
व्हाइट हाउस और स्टेट डिर्पाटमेंट की ओर से जानकारी दी गई है कि इंटेलीजेंस अधिकारी इस वीडियो की पुष्टि करने की कोशिशों में लगे हैं।
अगर यह वीडियो सही है तो अमेरिका इस वीडियो से काफी दुखी है।अमेरिकी सांसदों की मानें तो सिर्फ हल्की प्रतिक्रिया जाहिर करने से कुछ नहीं होगा और अमेरिका को सख्त से सख्त कार्रवाई करनी ही पड़ेगी।
अमेरिकी कांग्रेस के सीनेटर बिल नेल्सन ने अपने एक बयान में कहा है कि वह अगले हफ्ते एक कानून लाने की तैयारी कर चुके हैं जिसके तहत अमेरिकी राष्ट्रपति को सीरिया में आईएसआईएस के खिलाफ हवाई कार्रवाई करने की इजाजत दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications