अमेरिका के राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति की कितनी है कमाई? बाइडेन-कमला हैरिस का इनकम टैक्स रिटर्न जानिए
सैलरी के अलावा अमेरिका के राष्ट्रपति को दर्जनों अन्य सुविधाएं मिलती हैं। हालांकि, रिटर्न से पता चला है, कि अमेरिकी राष्ट्रपति की कमाई पिछले साल के मुकाबले काफी घट गई है।

How much Does a US President Earn: दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका के राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति की सैलरी कितनी होती है, उनकी कमाई कितनी होती है, उन्हें कितने मद से पैसे दिए जाते हैं, क्या आपने कभी सुपरपावर को चलाने वाले राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के इनकम को जानने की कोशिश की है? आज हम आपको जो बाइडेन और कमला हैरिस की कितनी कमाई होती है, उसके बारे में उनके इनकम टैक्स रिटर्न के जरिए बताने जा रहे हैं।
बाइडेन दंपति का इनकम टैक्स डिटेल
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन ने मंगलवार को अपना इनकम टैक्स रिटर्न जारी किया है, जिसमें उनकी कमाई के तमाम डिटेल्स के बारे में बताया गया है। बाइडेन दंपति के इनकम टैक्स रिटर्न से पता चलता है, कि पिछले साल इन दोनों ने करीब पांच लाख 80 हजार डॉलर कमाए हैं और इन्होंने 23.8 प्रतिशत फेडरल इनकम टैक्स का भुगतान किया है।
इनकम टैक्स रिटर्न से पता चला है, कि राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपनी इनकम का करीब 3.5 प्रतिशत हिस्सा, यानि करीब 20 हजार 180 डॉलर चैरिटी को दाम में दिया है, जिसमें अमेरिकी पुलिस यूनियन से जुड़ा एक संगठन भी शामिल है।
अमेरिका के लोगों के लिए मंगलवार आधी रात तक अपना इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने का वक्त था और 2024 में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से पहले इस बार का इनकम टैक्स बताता है, कि राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों का इनकम कितना है। माना जा रहा है, कि जो बाइडेन अपनी डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से दोबारा राष्ट्रपति चुनाव के लिए दावेदारी का ऐलान कर सकते हैं और ज्यादा उम्मीद है, कि उनका मुकाबला डोनाल्ड ट्रंप से ही होगा।
डोनाल्ड ट्रंप ने तोड़ दी थी परंपरा
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने फेडरल टैक्स रिटर्न को सार्वजनिक करने वाले राष्ट्रपतियों की परंपरा को तोड़ दिया था और उन्होंने कहा था, कि इंटरनल रेवेन्यू सर्विस उनकी इनकम का ऑडिट करता है और इसीलिए वो इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने में सक्षम नहीं हैं। हालांकि, इंटरनल रेवेन्यू सर्विस ने कहा था, कि वो ट्रंप के इनकम को सार्वजनिक करने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
बाइडेन ने बताया है, कि साल 2022 में उनका ग्रॉस इनकम 5 लाख 79,514 डॉलर था और उन्होंने एक लाख 37 हजार 658 डॉलर रुपये का टैक्स भुगतान किया है। वहीं, 2021 में, जिस साल उन्होंने सत्ता संभाली थी, उस साल उन्होंने अपना इनकम 6 लाख 10,702 डॉलर दिखाया था।
बाइडेन को कितनी मिलती है सैलरी
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के राष्ट्रपति के तौर पर 4 लाख डॉलर की सैलरी मिली थी। इसके अलावा उनकी पत्नी जिल बाइडेन को उत्तरी वर्जीनिया कम्युनिटी कॉलेज में अंग्रेजी पढ़ाने के लिए अलग से 82 हजार 335 डॉलर मिले।
यानि, भारतीय रुपये के हिसाब से बात करें, तो जो बाइडेन को एक साल में बतौर राष्ट्रपति करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपये सैलरी मिलती है, यानि हर महीने उन्हें करीब 26 लाख 66 हजार रुपये सैलरी मिलती है।
इसके अलावा जो बाइडेन की कमाई का बाकी हिस्सा निवेश से मिला ब्याज, पेंशन, रिटायर्ड खातों, सामाजिक सुरक्षा स्कीम्स के साथ साथ उनके किताब से मिली रॉयल्टी से भी आया है। उन्होंने अमेरिकी पुलिस के संगठन नेशनल फ्रेटरनल ऑर्डर ऑफ पुलिस फाउंडेशन को 2000 डॉलर का डोनेशन भी दिया है, जिससे पुलिस के परिवार की मदद की जाती है।
आपको बता दें, कि नेशनल फ्रेटरनल ऑर्डर ऑफ पुलिस, सबसे बड़े अमेरिकी अधिकारियों के इस संघ ने 2020 में ट्रम्प का समर्थन दिया था। ये संघ डोनाल्ड ट्रंप के काफी करीब माना जाता रहा है। वहीं, साल 2020 में अश्वैत युवक जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस हिरासत में हुई हत्या को लेकर जब जो बाइडेन ने पुलिस सुधार बिल तैयार किया था, तो उसका इस संघ ने भारी विरोध किया था।
कमला हैरिस की सैलरी और कमाई
वहीं, फेडरल इनकम टैक्स रिटर्न से पता चला है, कि अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और उनके पति डौग एम्हॉफ की कुल कमाई 4 लाख 56 हजार 918 डॉलर थी, जो उन्होंने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को दिखाया है। अपनी इस कमाई से उन्होंने 20.5 प्रतिशत हिस्सा टैक्स भरा है, जो 93 हजार 570 डॉलर होता है।
इनकम टैक्स रिटर्न से पता चला है, कि कमला हैरिस को साल भर में 2 लाख 19 हजार 171 डॉलर की सैलरी मिली है और उन्हें अपनी किताबों की बिक्री से 62 हजार 870 डॉलर की कमाई हुई गहै। वहीं, उनके पति डौग एम्हॉफ, जो जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी लॉ सेंटर में पढ़ाते हैं, उन्हें वहां से 1 लाख 69 हजार 665 डॉलर की सैलरी मिली है और उन्होंने अपनी सैलरी का करीब 5 प्रतिशत यानि 23 हजार डॉलर इनकम टैक्स में भरा है।












Click it and Unblock the Notifications