16 घंटे से जल रही इमारतें, 44 से ज्यादा मौत, 279 लोग लापता! जानें हांगकांग में लगी 'शैतानी आग' की पूरी कहानी!
Hong Kong fire: हांगकांग के ताई पो इलाके में स्थित वांग फुक कोर्ट आवासीय कॉम्प्लेक्स में मंगलवार शाम लगी आग ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है। यह आग 1945 के बाद हांगकांग का सबसे घातक अग्निकांड साबित हो रही है। आठ टावरों वाली इस बड़ी सोसाइटी में मरम्मत कार्य चल रहा था, और बाँस की मचानों के कारण आग तेजी से सात टावरों तक फैल गई।
इस भयानक हादसे में अब तक 44 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक फायर फाइटर भी शामिल है, जबकि 279 लोग अभी भी लापता हैं। पुलिस ने लापरवाही के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, और 16 घंटे बाद भी आग बुझाने का अभियान जारी है।

कैसे लगी आग?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वांग फुक कोर्ट में मरम्मत कार्य चल रहा था और बाहर बाँस की मचानों पर हरी नेटिंग लगी हुई थी। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे, शॉर्ट सर्किट या किसी चिंगारी से आग भड़की। बाँस और प्लास्टिक जैसी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने महज 10 मिनटों में विकराल रूप ले लिया। तेज हवाओं ने इसे और भयावह बना दिया, जिससे यह आग देखते ही देखते सात टावरों तक फैल गई। ऊंची इमारतों और गिरती मचानों के कारण बचाव कार्य बहुत कठिन हो गया है।
ये भी पढ़ें: Hong Kong Air Tickets: चीन बांट रहा है हांगकांग की लाखों मुफ्त फ्लाइट टिकट, जानें क्या है असली वजह?
लेवल-5 अलार्म और बचाव अभियान
यह आग इतनी तेजी से बढ़ी कि पहले यह लेवल 1 अलार्म पर थी, लेकिन शाम होते-होते इसे सर्वाधिक गंभीर 'लेवल-5 अलार्म' घोषित करना पड़ा। आग बुझाने के लिए 767 से अधिक अग्निशमन कर्मी, 128 गाड़ियां और 57 एम्बुलेंस मौके पर भेजी गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, अग्निशमन दल को अंदर प्रवेश करने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बचाव कर्मियों ने कई लोगों को सुरक्षित निकाला, लेकिन गिरती मचान, अत्यधिक गर्मी और धुआँ राहत कार्य में बड़ी बाधा बने हुए हैं।
अब तक 44 लोगों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में खबर लिखे जाने तक 44 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिसमें एक बहादुर फायर फाइटर भी शामिल है। वहीं, लगभग 279 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें अधिकतर बुजुर्ग और छोटे बच्चे शामिल हैं। झुलसे हुए 45 से अधिक लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। कई घरों के जलकर राख होने के बाद, प्रभावित लोगों को अस्थायी आश्रयों में भेजा गया है। ये आंकड़े इस त्रासदी की भयावहता को दर्शाते हैं।
ये भी पढ़ें: Hong Kong: अमेरिकी कांग्रेस में पास हुआ बिल, चीन के साथ बैंकों ने किया बिजनेस तो लिया जाएगा एक्शन
तीन लोग गिरफ्तार
हांगकांग पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें ठेकेदार कंपनी के दो मालिक और एक इंजीनियर शामिल हैं। इन पर 'लापरवाही से हत्या' का मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मरम्मत कार्य में फायर-रेटार्डेंट सामग्री का उपयोग नहीं किया गया था और स्कैफोल्डिंग में सस्ते प्लास्टिक का इस्तेमाल हुआ था, जिसने आग को तेजी से फैलने में मदद की। इस मामले की गहन जांच के लिए एक स्पेशल जांच टीम गठित की गई है।












Click it and Unblock the Notifications