बाइक से हॉलीवुड स्टार Will Smith के घर पहुंचे सद्गुरू, वीडियो में देखें मुलाकात की खास झलक
लॉस एंजेलिस। हॉलीवुड स्टार विल स्मिथ और उनके परिवार ने हाल ही में धार्मिक गुरु और ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सद्गुरू जग्गी वासुदेव से मुलाकात की है। सद्गुरु अमेरिका में 10,000 मील की मोटरसाइकिल यात्रा पर थे, इसी दौरान उन्होंने अपने सेलिब्रिटी फॉलोअर विल स्मिथ के साथ समय बिताया। इसका वीडियो सद्गुरु और विल स्मिथ दोनों ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि सद्गुरू बाइक से स्मिथ के घर पहुंचे हैं।

स्मिथ ने की सद्गुरू की किताब की तारीफ
वीडियो में स्मिथ कहते हैं, 'सद्गुरु टाउन में हैं। मैं कुछ समय से उन्हें फॉलो कर रहा हूं। उन्होंने इनर इंजीनियरिंग नामक एक अद्भुत किताब लिखी है। मैं चाहता हूं कि मेरा परिवार आध्यात्मिक लोगों से मिले, उन लोगों के साथ बातचीत करे, जो भौतिक दुनिया से नहीं जुड़े हैं।' इस दौरान सद्गुरू जीवन से जुड़ी अहम बातें भी बताते हैं। सद्गुरू ने ट्विटर पर लिखा है, 'विल, आपके और आपके अद्भुत परिवार के साथ कुछ समय बिताना खुशी की बात थी। उम्मीद करता हूं आपका संघ मजबूत हो और धर्म आपका मार्गदर्शक बने।'

लोगों को पसंद आई दोनों की मुलाकात
इसके साथ ही सद्गुरू ने विल स्मिथ के साथ अपनी कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं। जिसमें दोनों बात करते हुए देखे जा सकते हैं। ये तस्वीरें लोग सोशल मीडिया पर काफी पसंद कर रहे हैं और विल स्मिथ की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। एक ट्विटर यूजर ने इस मुलाकात पर कहा, 'सनातन परंपरा मानव कल्याण के लिए है।' एक अन्य यूजर ने कहा, 'अच्छा लगा आप दोनों को एक साथ देखकर।' इसके साथ ही लोग सद्गुरू की भी काफी सराहना कर रहे हैं।
View this post on InstagramA post shared by Will Smith (@willsmith) on
भारतीय संस्कृति से प्रभावित हैं स्मिथ
विल स्मिथ की बात करें तो वह भारतीय संस्कृति और परंपरा से काफी प्रभावित हैं। वह कई बार भारत आ चुके हैं। बीते साल ही वह हरिद्वार की प्रसिद्ध गंगा आरती में भी शामिल हुए थे। जिसकी तस्वीरें उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की थीं। जो उनके भारतीय फैंस को काफी पसंद भी आई थीं। वर्कफ्रंट की बात करें तो वह इसी साल 'बैड बायज फॉर लाइफ' नामक फिल्म में दिखाई दिए थे। अब वह 'किंग रिचर्ड्स' में दिखाई देंगे, जिसमें वह प्रमुख भूमिका में हैं। ये फिल्म अमेरिकी टेनिस कोच रिचर्ड विलियम्स पर आधारित है।












Click it and Unblock the Notifications