Pakistan Rain: पाकिस्तान में भारी बारिश ने मचाई तबाही.. अब तक 63 लोगों की मौत, सैकड़ों लोग लापता
Pakistan Rain: पाकिस्तान में भीषण बारिश ने चौथे दिन भी भारी तबाही मचाई है और अधिकारियों ने कहा है, कि बिजली गिरने और भारी बारिश की वजह से पाकिस्तान में बुधवार को भी 14 लोगों की मौत हो गई, जिससे चार दिनों के मरने वालों की संख्या बढ़कर 63 हो गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर मौतें पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में हुईं है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता खुर्शीद अनवर ने कहा, कि इमारतों के गिरने से 32 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 15 बच्चे और पांच महिलाएं शामिल हैं। अनवर ने कहा, कम से कम 1,370 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिनमें सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।

पाकिस्तान में भीषण बारिश से तबाही
पंजाब प्रांत के पूर्वी हिस्से में बिजली गिरने और मकानों के ढहने से 21 लोगों की मौत हुई है। जबकि, देश के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में 10 लोगों की मौत की रिपोर्ट मिली है। अधिकारियों ने अचानक आई बाढ़ के बाद इलाके में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी है।
बुधवार को, बलूचिस्तान में चल रहे बचाव और राहत कार्यों के बीच और और भी ज्यादा बारिश होने की आशंका है। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में भी भारी बारिश हुई।
बलूचिस्तान में सामान्य से 256% ज्यादा बारिश
पाकिस्तान मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी जहीर अहमद बाबर ने कहा, कि जलवायु परिवर्तन के कारण अप्रैल में पाकिस्तान में भारी बारिश हो रही है। बाबर ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया, कि "बलूचिस्तान में अब तक सामान्य से 256% ज्यादा बारिश हुई है।" उन्होंने कहा, कि "कुल मिलाकर, पूरे पाकिस्तान में इस महीने सामान्य से 61% ज्यादा बारिश हुई है, और यह दर्शाता है, कि हमारे देश में जलवायु परिवर्तन का असर दिख रहा है।"
वहीं, प्रधान मंत्री शहबाज शरीफ़ ने टेलीविजन टिप्पणी में कहा है, कि उन्होंने अधिकारियों को राहत सहायता प्रदान करने का आदेश दिया है।
उन्होंने कहा, कि बारिश के कारण पाकिस्तान के जलाशयों में सुधार होगा। पाकिस्तानी पर्यावरण विशेषज्ञ राफे आलम ने कहा, कि अप्रैल में इतनी भारी बारिश असामान्य है। उन्होंने कहा, "दो साल पहले, पाकिस्तान में मार्च और अप्रैल में गर्मी की लहर देखी गई थी और अब हम बारिश देख रहे हैं, और यह सब जलवायु परिवर्तन के कारण है, जिसके कारण 2022 में देश में भीषण बाढ़ आई थी।"
आपको बता दें, कि साल 2022 में भारी बारिश से नदियां उफान पर आ गईं थीं और एक समय पाकिस्तान के एक तिहाई हिस्से में बाढ़ आ गई, जिससे 1,739 लोग मारे गए थे। बाढ़ से 30 अरब डॉलर का नुकसान भी हुआ, जिससे उबरने की कोशिश अभी भी पाकिस्तान कर रहा है।
पाकिस्तान के पड़ोसी अफगानिस्तान में भी इस महीने भारी बारिश हुई है। वहां बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि, 600 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त या नष्ट हो चुके हैं। वहीं, लगभग 200 पशुधन मर चुके हैं। प्राकृतिक आपदा प्रबंधन के लिए राज्य मंत्रालय के तालिबान के प्रवक्ता अब्दुल्ला जनान सैक ने कहा, बाढ़ ने कृषि भूमि के बड़े क्षेत्रों और 85 किमी (53 मील) से अधिक सड़कों को भी नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में अधिकारियों ने लगभग 23,000 परिवारों को सहायता प्रदान की है, और देश के 34 प्रांतों में से 20 में अचानक बाढ़ आने से स्थिति काफी मुश्किल हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications