हमास के हमले से दक्षिण कोरिया को मिला बड़ा सबक, किम जोंग की चालों से निपटने के लिए किया ये काम
7 अक्टूबर को इजराइल पर हमास के अचानक हमले ने कई देशों की आंखें खोल दी हैं। दुनिया में कई देश जिनका अपने पड़ोसी देशों के साथ संबंध तनाव भरा चल रहा है, उन्हें अंदेशा है कि उनपर भी हमास की तरह हमला हो सकता है।
इन देशों में दक्षिण कोरिया भी शामिल जिसे अंदेशा है कि उत्तर कोरिया कभी भी उस पर हमास जैसा हमला कर सकता है। यही वजह है कि ऐसी किसी स्थिति से निपटने के लिए दक्षिण कोरियाई सेना, पुलिस और आपातकालीन कर्मियों ने राजधानी सियोल में दुर्लभ डिफेंस ड्रील किया है।

इस अभ्यास के दौरान सेना और पुलिस ने घातक हथियारों से निपटने का रिहर्सल किया। यह अभ्यास उत्तर कोरिया द्वारा इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण करने और अपना पहला सैन्य जासूसी उपग्रह लॉन्च करने के बाद बढ़े तनाव के बीच हुआ है।
इससे पहले उत्तर कोरिया ने सितंबर में एक संवैधानिक संशोधन भी पेश किया था जिसमें परमाणु हथियारों के उपयोग को राष्ट्रीय रक्षा नीति के रूप में शामिल किया गया था। ऐसे में अब दक्षिण कोरिया को अपने पड़ोसी का डर सताने लगा है। सियोल को लगता है कि उन्हें किम जोंग उन से सतर्क रहने की जरूरत है।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार सियोल के मेयर ओह से-हून ने कहा, 'यह हमारे लिए बड़ा सबक है, जब इजराइल का विश्व स्तरीय डिफेंस सिस्टम एक आदिम संसाधनों वाले हमास के लड़ाकों के सामने ध्वस्त हो गया। यह स्थिति हमारे लिए सबक की तरह है और हम ऐसे किसी मामले से निपटने के लिए तैयारी कर रहे हैं।'
उन्होंने कहा, 7 अक्टूबर को इजराइल पर हमास के हमले में 1,200 से अधिक लोग मारे गए, जिनमें से ज्यादातर आम नागरिक थे, यह दर्शाता है कि अगर दुश्मन ने एक सफल आश्चर्यजनक हमला किया तो बेहतर सैन्य क्षमताओं का भी कोई मतलब नहीं है।
ड्रिल में क्या हुआ?
साउथ कोरिया की सेना और पुलिस ने अपनी ड्रिल में वाटर सप्लाई रोके जाने, टेलीफोन नेटवर्क ध्वस्त होने जैसी स्थितियों को लेकर रिहर्सल की। यह अभ्यास दक्षिण कोरिया द्वारा परमाणु और मिसाइल कार्यक्रमों से जुड़े आठ उत्तर कोरियाई लोगों पर नए प्रतिबंध लगाए जाने के बाद हुआ।
उत्तर कोरिया के बेहद नजदीक सियोल
सियोल के मेयर ने कहा कि उनका शहर उत्तर कोरिया की सीमा से सिर्फ 38 किमी (24 मील) की दूरी पर है, जो इसे किसी भी समय हमले के लिए अतिसंवेदनशील बनाता है। यह शहर सरकार, व्यापार और वित्त का केंद्र भी है और 9.4 मिलियन लोगों का घर है।
परमाणु हथियार की मांग
मेयर ने कहा कि सियोल में प्रतिदिन 14 लाख लोग दूसरे शहरों से यहां काम करने और पढ़ाई करने के लिए आते हैं। मेयर ने यह तर्क देते हुए उत्तर कोरिया के खिलाफ अधिक कठोर रुख अपनाने पर भी जोर दिया कि दक्षिण कोरिया के पास अपने स्वयं के परमाणु हथियार होने चाहिए।
राष्ट्रपति ने किया खारिज
हालांकि दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल ने परमाणु हथियार की मांग को खारिज कर दिया है। उन्होंने इसके बजाय अमेरिका के साथ सैन्य गठबंधन को मजबूत करने और जापान के साथ सुरक्षा संबंधों को बहाल करने पर ध्यान केंद्रित किया है।












Click it and Unblock the Notifications