इजरायल ने हमास के मिलिट्री चीफ मोहम्मद दीफ के घर गिराया बम, बाप-भाई और पोती की मौत
इजराइल-हमास युद्ध के पांचवे दिन इजराइल रक्षा बलों ने दावा किया है कि उसने गाजा पट्टी के अल फुरकान इलाके में 200 से अधिक ठिकानों पर हमला किया है। एयरफोर्स ने ये भी दावा किया कि उन्होंने हमास के मिलिट्री विंग अल कासम के सुप्रीम कमांडर मोहम्मद दीफ के रिश्तेदारों के घर पर भी बमबारी की है।
टाइम्स ऑफ इजरायल में छपी खबर के मुताबिक इन हमलों में हमास मिलिट्री कमांडर मोहम्मद दीफ के भाई, भतीजे और पोती की जान गई है। इन हमलों में मिलिट्री कमांडर के कुछ और रिश्तेदारों के भी मलबों में फंसे होने की जानकारी सामने आई है।

इजरायल की सेना के एक अधिकारी ने मंगलवार को न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि हमास के पॉलिटिकल ऑफिस के दो सदस्य, जवाद अबू शम्माला और जकारिया अबू मामार, दक्षिणी गाजा पट्टी के खान यूनिस में एक हवाई हमले में मारे गए हैं।
हालांकि इजरायल के हमलों में भी अभी मोहम्मद दीफ के मारे जाने की खबर नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल पर हमले का साजिशकर्ता मोहम्मद डीफ इजरायल में सर्वाधिक वांछित व्यक्ति है। मोहम्मद दीफ के बारे में कोई ज्यादा नहीं जानता है। यहां तक कि इंटरनेट पर भी उसकी सिर्फ एक पुरानी तस्वीर है।
मोहम्मद दीफ को अब दुनिया का नया ओसामा बिन लादेन कहा जा रहा है। मोहम्मद दीफ ने ही इजराइल पर होने वाले इस हमले की स्क्रिप्ट लिखी थी और वो फिलिस्तीनी आतंकी संगठन हमास का एक कमांडर है, जिसकी सात बार हत्या करने की कोशिश की गई, लेकिन वो हर बार बच निकला।
मोहम्मद दीफ का जन्म 1965 में गाजा में खान यूनिस शरणार्थी शिविर में हुआ था। उस समय गाजा मिस्र के अधीन में था। वह 1980 के दशक के आखिर में फिलिस्तिन के लिए लड़ रहे ग्रुप में शामिल हुआ।
मोहम्मद दीफ को 'नौ जिंदगी पाने वाली बिल्ली' कहा जाता है क्योंकि एक आंख वाला यह आतंकी कई बार इजरायल के हमले में बच गया है। कुछ में तो वह गंभीर रूप से घायल भी हो चुका है।
वह अक्सर वीडियो में नकाबपोश ही नजर आता है या फिर सिर्फ उसकी परछाई ही दिखती है। वह कभी भी मोबाइल या किसी अन्य डिजिटल टेक्नोलॉजी का उपयोग नहीं करता है। यही वजह है कि वह अब तक इजराइल के हाथ नहीं लग पाया है।
जानकारी के मुताबिक वो अपने दोनों हाथ, दोनों पैर और एक आंख गंवा चुका है, जिससे वह स्थायी रूप से व्हीलचेयर पर निर्भर हो गया है। साल 2014 में इजरायली हवाई हमले में मोहम्मद दीफ की पत्नी, सात महीने का बेटा और तीन साल की बेटी मारे गए थे।












Click it and Unblock the Notifications