दो महीने पहले शुरू हुई थी हमास चीफ की हत्या की प्लानिंग, गेस्टहाउस में छिपाया था बम, फिर ऐसे दिया अंजाम
Ismail Haniyeh: हमास चीफ इस्माइल हानिया की ईरान के तेहरान में 31 जुलाई को हत्या कर दी गई। जी हां..हमास चीफ को मारने की यह प्लानिंग करीब 2 महीने पहले ही शुरू हो गई थी। इस बात का दावा अमेरिकी मीडिया हाउस न्यूयॉर्क टाइम्स ने किया है।
खबर के मुताबिक, हमास चीफ इस्माइल हानिया बुधवार 31 जुलाई को राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह के लिए तेहरान पहुंचे थे। वो जिस गेस्ट हाउस में ठहरे थे, उस गेस्ट हाउस में दो महीने पहले छिपाकर बम लगाया गया था।

इस गेस्ट हाउस की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी ईरान की सेना IRGC के पास होती है। यह गेस्ट हाउस नेशात नाम के कॉम्प्लेक्स का हिस्सा है। खबर के मुताबिक, जैसे ही हानिया के गेस्ट हाउस में पहुंचने की पुष्टि हुई, किसी बाहरी इलाके से रिमोट के जरिए विस्फोट कर दिया गया।
ऐसा बताया जा रहा है कि इस विस्फोट में हमास चीफ इस्माइल हानिया के साथ एक अंगरक्षक की भी मौत हो गई। वहीं, इमारत की दीवार का एक हिस्सा ढह गया। इसके अलावा कई खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। ईरान और हमास दोनों ने इस हत्या की साजिश रचने का आरोप इजरायल पर लगाया है।
हालांकि, इजरायल ने सार्वजनिक रूप से इसमें शामिल होने की बात स्वीकार नहीं की है। लेकिन, कथित तौर पर उसने अमेरिका और अन्य पश्चिमी सरकारों को इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी है। हमास चीफ की हत्या ने मध्य पूर्व में हिंसा बढ़ने की आशंकाओं को जन्म दिया है।
वहीं, गाजा पट्टी में युद्ध विराम वार्ता को संभावित रूप से बाधित कर सकता है। शुरू में, ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि इजरायल ने मिसाइल हमला किया होगा। हालांकि, बाद में पता चला कि हमास चीफ इस्माइल हानिया की हत्या के लिए हत्यारों ने गेस्ट हाउस के भीतर बम लगाया था।
खबर के मुताबिक, परिसर में एक मेडिकल टीम मौजूद है जिसने पहुंचने पर हनीयेह को मृत घोषित कर दिया। गाजा में हमास के डिप्टी कमांडर खलील अल-हय्या ने हनीयेह के शव को देखा और अन्य अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
आपको बता दें तेहरान के जिस गेस्ट हाउस में विस्टफोट हुआ, उसका इस्तेमाल ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड अक्सर रिट्रीट और गुप्त बैठकों के लिए करते हैं।
हमास चीफ हानिया को सुपुर्द-ए-खाक करने से पहले तेहरान में गुरुवार को उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इसमें हजारों लोग शामिल हुए। तेहरान यूनिवर्सिटी में हानियेह के शव को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इसके बाद तेहरान के फ्रीडम स्कवायर तक उसके शव के साथ अंतिम यात्रा निकाली गई।
वहीं, हमास चीफ की मौत के बाद ईरान और तुर्की समेत कई देश भड़के हुए है। ईरान ने तो यहां तक कह दिया है कि वे हनियेह की मौत का बदला लेंगे और इजराइल पर सीधा हमला करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications