Greece Fire: ग्रीस में लगी प्रचंड आग में सब स्वाहा... हजारों एकड़ जंगल खाक, PM ने बताया, युद्ध जैसे हालात
Greece Wild fire News: कई दशकों के बाद सबसे भीषण गर्मी का सामना कर रहा ग्रीस, जंगल में लगी प्रचंड आग को बुझाने में नाकाम साबित हो रहा है। ग्रीस में तापमान लगातार 50 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिसकी वजह से स्थिति खतरनाक बनी हुई है, वहीं गर्मी की वजह से जंगलों में जो आग लगी है, उसे बुझाने में ग्रीस सरकार के पसीने छूट रहे हैं।
दक्षिण यूरोपीय देश, जैसे इटली और स्पेन में भी इस साल रिकॉर्डतोड़ गर्मी से जूझ रहे हैं, लेकिन ग्रीस की जंगलों में लगी आग ने स्थिति को और भी भयावह बना रखा है। दुनिया में अब ग्लोबल वॉर्मिंग को प्रत्यक्ष तौर पर महसूस कर रही है।

ग्रीस के जंगलों में भयंकर आग
ग्रीस के रोड्स और कोर्फू द्वीपों के जंगलों में लगी प्रचंड आग के बीच अब तक हजारों लोगों को निकाला गया है और प्रधान मंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस ने घोषणा की है, कि भूमध्यसागरीय देश पूरे देश में जंगल की आग के कारण युद्ध जैसी स्थिति में फंस गया है।
ग्रीस के फायर ब्रिगेड के प्रवक्ता के मुताबिक, ग्रीस के प्रमुख होलीडे स्थलों में से एक, रोड्स के रिज़ॉर्ट द्वीप पर, आग की लपटें सातवें दिन भी नियंत्रण से बाहर हैं, जिससे सैकड़ों लोगों को अपने घरों और होटलों से भागने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
ग्रीस के इन दोनों द्वीपों से अभी तक 19 हजार लोगों को बाहर निकाला गया है, जिनमें ज्यादातर पर्यटक है। पर्यटकों को बाहर निकालने के लिए बसों और नावों का सहारा लिया जा रहा है। जंगलों में लगी आग शहरी इलाकों तक पहुंच चुका है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्फू के पश्चिमी आयोनियन पर्यटक द्वीप से रविवार से सोमवार तक करीब 2,400 पर्यटकों और स्थानीय लोगों को एहतियाती उपाय के रूप में बाहर निकाला गया है। वहीं, इविया द्वीप और दक्षिणी पेलोपोनिस क्षेत्र के एक पहाड़ी इलाके में निकासी की सूचना मिली थी।
ग्रीक प्रधान मंत्री ने संसद को बताया, कि "अगले कुछ हफ्तों तक, हमें लगातार सतर्क रहना होगा। हम युद्ध में हैं।" उन्होंने आगे कहा, कि "हमने जो खोया है उसका पुनर्निर्माण करेंगे, हम उन लोगों को मुआवजा देंगे, जो आहत हुए हैं... जलवायु संकट पहले से ही यहां है। यह भूमध्य सागर में हर जगह बड़ी आपदाओं के साथ हमारे सामने आएगा।"
उन्होंने चेतावनी दी, कि उच्च तापमान कम होने के पूर्वानुमान से पहले देश को "आने वाले तीन और कठिन दिनों" का सामना करना पड़ेगा।

आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी
रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रीस की जंगलों में लगी आग पर काबू पाने के लिए यूरोपीय संघ और अन्य जगहों से मदद मिल रही है। पड़ोसी देश तुर्की से अग्निशमन विमान रोड्स में भेजा गया है, जहां 10 पानी गिराने वाले विमान और 10 हेलीकॉप्टर कम दृश्यता के बावजूद 5 मीटर (16 फीट) ऊंची आग की लपटों में घिर गए।
अल जजीरा की स्टेफनी डेकर ने दक्षिण रोड्स के किओटारी रिसॉर्ट से रिपोर्ट करते हुए कहा, कि 50 किमी प्रति घंटे (31 मील प्रति घंटे) की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण आग अग्निशमन कर्मियों की तुलना में अधिक तेजी से आगे बढ़ रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रीस भले ही आग पर काबू पाने के लिए गंभीर कोशिशें करने के दावे कर रहा है, लेकिन आग बुझाने वाले गर्मचारियों की संख्या काफी कम है।
स्थानीय निवासियों का कहना है, कि सैकड़ों घर जलकर खाक हो चुके हैं और अब उनके पास कुछ नहीं बचा है।
रोड्स द्वीप के सुनसान समुद्र तट पर, कई निवासी एक रेस्तरां में शरण ले रहे हैं। कई लोग आग की लपटों पर काबू पाने के लिए ट्रक पर रखे एक बड़े टैंक में समुद्री पानी डालकर आग बुझाने वाले कर्मचारियों की मदद कर रहे हैं।
ग्रीक परिवहन मंत्रालय ने कहा, कि रविवार से सोमवार दोपहर 3 बजे तक, 17 फ्लाइट्स से 2,115 पर्यटकों को मुख्य रूप से यूके, जर्मनी और इटली के लिए रवाना किया गया है।
दुनिया के सबसे बड़े टूर ऑपरेटरों में से एक, टीयूआई ने कहा, कि वह शुक्रवार तक द्वीप की यात्राएं रद्द कर रहा है और अन्य गंतव्यों के लिए जिन लोगों ने एडवांस बुकिंग करवा रखी है, उनके पैसे लौटाए जा रहे हैं। उसने कहा, कि रविवार शाम तक रोड्स द्वीप पर उसके 39,000 ग्राहक थे।
सरकारी प्रवक्ता पावलोस मारिनाकिस के अनुसार, ग्रीस में पिछले 12 दिनों से प्रतिदिन औसतन 50 नई जंगल की आग लगी हैं।












Click it and Unblock the Notifications