GOT में काम करने वाली भारतीय मूल की हॉलीवुड एक्ट्रेस को हुआ कोरोना वायरस
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से अब भारतीय मूल की हॉलीवुड एक्ट्रेस इंदिरा वर्मा भी संक्रमित हो गई हैं। एक्ट्रेस ने इस बात की पुष्टि सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर के किया है। बता दें कि कोरोना वायरस से अब सिर्फ आम जनता ही नहीं बल्कि कई राजनेता और स्टार्स भी परेशान हैं। एचबीओ की पॉपुलर सीरीज 'गेम ऑफ थ्रोन्स' में अपने एक्टिंग से लोगों का दिल जीतने वालीं इंदिरा वर्मा भी खुद को इस संक्रमण से नहीं बचा पाईं। इंदिरा ने बुधवार को इंस्टाग्राम अकाउंट पर कोविड-19 का टेस्ट पॉजिटिव आने की जानकारी दी है।

कोरोना वायरस से संक्रमित हुई एक्ट्रेस
दुनिया के 150 से ज्यादा देशों को अपनी चपेट में ले चुका कोरोना वायरस अब मानवजाति के लिए बड़ा संकट बनता जा रहा है। इस वायरस से दुनियाभर में 9000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है जबकि करीब 2 लाख लोग संक्रमित बताए जा रहे हैं। हॉलीवुड एक्ट्रेस इंदिरा वर्मा के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की खबर से उनके फैंस परेशान हो गए हैं और उनकी अच्छी सेहत की कामना कर रहे हैं। बता दें कि दो दिन पहले 'गेम ऑफ थ्रोन्स' के एक्टर क्रिस्टोफर हिव्जु ने भी कोविड-19 से संक्रमित होने की बात बताई थी।

'गेम ऑफ थ्रोन्स' ने निभाया था ये किरदार
अपनी टेस्ट रिपोर्ट की जानकारी शेयर करते हुए एक्ट्रेस इंदिरा वर्मा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'मैं बिस्तर पर हूं और मेरी तबीयत नासाज है। सुरक्षित और स्वस्थ रहे और अपने साथ के लोगों के प्रति दयालु रहे।' 46 साल की इंदिरा ने 'गेम ऑफ थ्रोन्स' में एलारिया सैंड का किरदार निभाया था और वर्तमान में वह लंदन के वेस्ट एंड में 'द सीगुलट' नाटक में काम कर रही हैं। इन दिनों कोरोना वायरस के चलते नाटक पर रोक लगा दी गई है।
May theatres worldwide rise again from the ashes https://t.co/X4CZzIZqJ5
— Indira Varma (@indyv9) March 17, 2020
नाटक पर रोक लगने के बाद किया था भावुक पोस्ट
'द सीगुलट' नाटक पर रोक लगने के बाद इंदिरा ने एक भावुक संदेश पोस्ट करते हुए कहा था कि 'बहुत दुखद है कि हमारा और दुनियाभर में कई अन्य कार्यक्रम कोविड-19 के कारण काफी प्रभावित हुए हैं। हमें जल्द ही वापसी की उम्मीद है।' मालूम हो कि इंदिरा ऐनी वर्मा एक ब्रिटिश अभिनेत्री हैं। उनका फिल्मी डेब्यू और पहली मुख्य भूमिका में फिल्म 'कामसूत्र: ए टेल ऑफ लव' थी। वह टेलीविजन श्रृंखला द कैंटरबरी टेल्स, रोम, लूथर, ह्यूमन टारगेट और गेम ऑफ थ्रोन्स में दिखाई दी हैं।
यह भी पढ़ें: इटली में कोरोना से पूरी तरह ठीक हो चुके मरीज को फिर से वायरस ने जकड़ा, मरीजों में दोबारा इंफेक्शन से डरे डॉक्टर












Click it and Unblock the Notifications