सितंबर में बंद हो जाएगा आपका और हमारा ऑरकुट

ऑरकुट वेबसाइट जिसने सही मायनों में सोशल नेटवर्किंग की शुरुआत की, इस वर्ष सितंबर में बंद हो जाएगी।
10 साल पहले शुरू होने वाली सोशल नेटवर्किंग साइट ऑरकुट को बंद करने के बारे में गूगल ने सोमवार देर रात ऐलान कर दिया। कहीं न कहीं ऑरकुट, गूगल को इंटरनेट के जरिए वह फायदा नहीं पहुंचा पाई जिसकी उम्मीद में गूगल ने इसकी शुरुआत की थी।
सोशल नेटवर्किंग आज कई कंपनियों के लिए इंटरनेट के जरिए बड़ा बिजनेस लाने का माध्यम बन चुकी है।
गूगल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि ऑरकुट जिसे अभी ब्राजील और भारत में बड़े पैमाने पर प्रयोग किया जा रहा है, लेकिन दुनिया के बाकी हिस्सों में इसको संघर्ष करना पड़ रहा है, 30 सितंबर को आखिरकार बंद हो जाएगी।
गूगल ने कहा है कि वह ऑरकुट के बजाय दूसरी सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर ध्यान लगाएगी। गूगल ने इस बारे में बताने से साफ इंकार कर दिया कि ऑरकुट को फिलहाल कितने लोग प्रयोग कर रहे हैं।
ऑरकुट ब्लॉग पर गूगल की ओर से लिखा गया है, 'पिछले एक दशक के दौरान यू-ट्यूब, ब्लॉगर और गूगल प्लस हर समुदाय और दुनिया के हर हिस्से में काफी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इन सबके प्रदर्शन का ऑरकुट की तरक्की पर खासा असर पड़ा है। ऐसे में हमने ऑरकुट को बंद करने का फैसला लिया है।'
ऑरकुट और फेसबुक की शुरुआत एक ही वर्ष यानी वर्ष 2004 में हुई थी। जहां अब फेसबुक 1.28 बिलियन यूजर्स के साथ दुनिया की नंबर वन सोशल नेटवर्किंग साइट बन चुकी है तो वहीं ऑरकुट को अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
गूगल ने कहा है कि वह ऑरकुट पर बनाई गई सभी कम्यूनिटीज को अर्काइव में तब्दील करने जा रही है जो कि 30 सितंबर से मौजूद हो सकेंगी।
गूगल की मानें तो अगर कोई यूजर किसी खास कम्यूनिटी के पेज पर अपना नाम और पोस्ट नहीं देखना चाहता है तो उसे अपने गूगल अकाउंट से ऑरकुट अकाउंट को पूरी तरह से डिलीट कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications