मुस्लिमों के पवित्र धर्मस्थल वाले शहर में मिला सोने-तांबे का भंडार, बदल जाएगी इस देश की किस्मत
नई दिल्ली: सऊदी अरब में क्रूड ऑयल का भंडार तो पहले से ही था, जिस वजह से वहां तेजी से विकास हो रहा। इस बीच सऊदी सरकार की एक बड़ी लॉटरी निकल पड़ी है, क्योंकि उसके पवित्र शहर में सोने और तांबे का नया भंडार मिला है। सऊदी अरब के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग ने अभी कुछ दिनों पहले ट्वीट कर इसके मिलने का ऐलान किया। जिससे वहां के लोग भी काफी खुश हैं। (तस्वीरें-सांकेतिक)

इन जगहों पर मिली खान
भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग को पवित्र शहर मदीना में खनिज का पता चला है। जांच करने पर वहां सोने और तांबे के अयस्क मिले। ये खनन साइटें अबा अल-राहा, उम्म अल-बराक शील्ड, हिजाज की सीमाओं पर मौजूद हैं। विभाग के मुताबिक इन इलाकों में खनिज थे, लेकिन सोने की काफी ज्यादा कमी थे। ऐसे में अब ये खोज मदीना के साथ सऊदी अरब के लिए भी काफी लाभकारी साबित होगी।

बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मदीना पहले से ही प्रसिद्ध शहर है, लेकिन सोने की खोज वहां की तस्वीर बदल देगी। सरकार अब खनन की तैयारी में लगी हुई है। सरकार को उम्मीद है कि खनन शुरू होने के बाद नए निवेशक भी वहां का रुख करेंगे। जिस वजह से रोजगार में भी बढ़ोतरी होगी। सिर्फ इसी खोज के आधार पर वहां पर 4000 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

प्रिंस का विजन होगा साकार?
वहीं दूसरी ओर इस खोज से क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का सपना भी साकार होगा। दरअसल अभी तक सऊदी की अर्थव्यवस्था क्रूड ऑयल पर निर्भर है, लेकिन अब ईवी और अन्य ईंधन से चलने वाले वाहन भी आ रहे। जिस वजह से भविष्य में क्रूड ऑयल की निर्भरता कम हो सकती है। ऐसे में क्राउन प्रिंस ने विजन 2030 नाम से एक प्रोजेक्ट शुरू किया है। इसका मकसद ऑयल के अलावा अन्य चीजों में निवेश और खोज को बढ़ाना है। सोने के खनन से इस विजन को नई रफ्तार मिलेगी।

18वें पायदान पर सऊदी
अगर अरब देशों की बात की जाए तो सऊदी सोने के भंडार मामले में पहले स्थान पर है, लेकिन दुनिया के सभी देशों को देखें तो वो 18वें पायदान पर नजर आता है। ऐसे में अब नए भंडार मिलने के बाद उसकी रैंकिंग में सुधार आएगा। इसके अलावा तांबे के भी खाने मिली हैं, उससे भी काफी ज्यादा निवेशक आकर्षित होंगे। इस खोज के बारे में ट्वीट करते हुए भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग ने लिखा कि अपनी खोजों के साथ, हम दुनिया के लिए निवेश के आशाजनक अवसरों के लिए और अधिक संभावनाएं खोलते हैं।

अरब देशों में सस्ता है सोना
आपको बता दें कि अरब देशों में सोना भारत की तुलना में काफी सस्ता है। वहां से यहां के दाम में 6-10 हजार का फर्क आ सकता है। इस वजह से वहां जाने वाले भारतीय सोना खरीदना पसंद करते हैं। इसके अलावा वहां की क्वालिटी काफी अच्छी मानी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications