World Economic Forum: 2023 में मंदी तय है, अर्थशास्त्रियों ने एक मत से कहा, चीन पर बंटी राय
विश्व आर्थिक मंच के सभी सौ फीसदी मुख्य अर्थशास्त्रियों ने यूरोप में 2023 में बेहद कमजोर वृद्धि की उम्मीद की है, जबकि अमेरिका के लिए ऐसी ही उम्मीद 91 प्रतिशत अर्थशास्त्रियों ने की है। चीन पर राय बंटी नजर आ रही है।

Image: PTI
विश्व आर्थिक मंच की पांच दिवसीय सालाना बैठक जारी है। इसी बीच विश्व आर्थिक मंच के अधिकांश अर्थशास्त्रियों ने साल 2023 में वैश्विक मंदी की आशंका जताई है। इसके साथ-साथ अर्थशास्त्रियों ने अमेरिका और यूरोप में और अधिक मौद्रिक तंगी का अनुमान लगाया है। विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में एक रिपोर्ट जारी की गई है। मुख्य अर्थशास्त्री आउटलुक: जनवरी 2023 (Chief Economists Outlook: January 2023) नाम से जारी इस रिपोर्ट में साल 2023 में वैश्विक मंदी की बात कही गई है।
अमेरिका-यूरोप की हालत होगी खराब
विश्व आर्थिक मंच की तरफ से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, 'करीब दो तिहाई मुख्य अर्थशास्त्रियों का मानना है कि 2023 में वैश्विक मंदी की आशंका है। इनमें से 18 फीसदी इसकी सबसे ज्यादा आशंका जता रहे हैं।' सितंबर 2022 में किए गए पिछले सर्वेक्षण के मुकाबले यह दोगुने से भी अधिक है। विश्व आर्थिक मंच ने कहा कि एक आम सहमति बनी हुई है कि 2023 में आर्थिक विकास की संभावनाएं धूमिल हैं। इसमें खासकर यूरोप और अमेरिका की स्थिति और खराब होने वाली है।
चीन पर अर्थशास्त्रियों की राय बंटी
विश्व आर्थिक मंच के सभी सौ फीसदी मुख्य अर्थशास्त्रियों ने यूरोप में 2023 में बेहद कमजोर वृद्धि की उम्मीद की है, जबकि अमेरिका के लिए ऐसी ही उम्मीद 91 प्रतिशत अर्थशास्त्रियों ने की है। वहीं अगर चीन की बात करें तो इसमें अर्थशास्त्रियों की राय बंटी हुई है। विज्ञप्ति में कहा गया है, 'देश में भारी प्रतिबंधों वाली जीरो कोविड पॉलिसी में ढील देने के फैसले से वृद्धि में बढ़त के आसार हैं, लेकिन यह देखना बाकी है कि नीति में बदलाव स्वास्थ्य के लिहाज से कैसा होगा।'
यूरोप में 57% तक पहुंच सकती है महंगाई
विश्व आर्थिक मंच के मुख्य अर्थशास्त्रियों ने 2023 में उच्च मुद्रास्फीति की संभावनाएं जताई हैं। बढ़ती महंगाई पर मुख्य अर्थशास्त्रियों ने 2023 अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अलग-अलग अनुमान जताए हैं। जहां चीन के मामले में यह अनुमान 5 फीसदी का है वहीं यूरोप के लिए 57 फीसदी तक मूल्य वृद्धि की बात कही गई है।












Click it and Unblock the Notifications