दुनियाभर में 54 लाख से अधिक लोग कोरोना संक्रमित, 3 लाख से ज्यादा लोगों की मौत, US शीर्ष पर
वॉशिंगटन डीसी। कोरोना वायरस का तांडव लगातार जारी है, बीते 24 घंटे में इस बीमारी से विश्वभर में 10 लाख लोग संक्रमित हो गए हैं, इसी के साथ दुनियाभर में संक्रमितों की संख्या 54 लाख हो गई है। डब्लूएचओ के अनुसार, वैश्विक मामला वर्तमान में 5,404,512 है। इसी के साथ दुनियाभर में 3 लाख से अधिक लोग अब तक अपनी जान गंवा चुके है, मालूम हो कि कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाला देश अमेरिका है। यहां कोरोना संक्रमितों की सबसे ज्यादा संख्या दर्ज की गई है। यहां 24 लाख 54 हजार 452 मामले दर्ज किए गए हैं।

कोविड 19 की वजह से अमेरिका में अब तक 98,902 मौतें हो चुकी है लेकिन अमेरिका में कोरोना वायरस से लगातार तीसरे दिन 700 से कम मौतें हुई हैं, माना जा रहा है कि अमेरिका में अब वायरस की रफ्तार धीमी पड़ी है, तो वहीं स्पेन सरकार ने कोरोना वायरस के कारण मारे गए अपने लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए 10 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। राष्ट्रीय शोक बुधवार से शुरू होकर 5 जून तक रहेगा, इस दौरान देशभर की करीब 14 हजार सरकारी इमारतों पर लगे राष्ट्रीय झंडे आधे झुका दिए जाएंगे। स्पेन में 27 हजार से अधिक लोग इस संक्रमण से जान गंवा चुके हैं।
भारत में जारी है कोरोना का कहर
तो वहीं भारत की बात करें तो देश में पिछले कुछ दिनों में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि पिछले महज 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस के 6,535 नए पॉजिटिव केस सामने आए, जिसके बाद मरीजों की संख्या बढ़कर 1,45,380 हो गई है। हालांकि अभी तक कोरोना वायरस के 60,490 मरीज ठीक हो चुके हैं और फिलहाल एक्टिव केस 80,722 हैं। कोरोना वायरस के कारण पिछले 24 घंटों में 146 लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 4167 हो गया है।कोरोना मरीजों की संख्या में हो रही बढ़ोत्तरी को देखते हुए लोगों के अंदर एक डर समा गया है कि क्या इंडिया में कोरोना थर्ड स्टेज पर पहुंच गया है, इसी बात का पता लगाने के लिए भारत के 10 हॉटस्पॉट शहरों में सीरोसर्वे कराने की बात भी हुई है।
महाराष्ट्र में 52 हजार से ज्यादा संक्रमण के मामले
कोरोना वायरस से महाराष्ट्र, राजधानी दिल्ली, गुजरात और तमिलनाडु सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। अकेले महाराष्ट्र में 52 हजार से ज्यादा संक्रमण के मामले हैं, यहां के धारावी इलाके में आज कोरोना के 38 नए मामले सामने आए हैं। यहां कोरोना के सकारात्मक मामलों की कुल संख्या 1621 हो गई है। धारावी में कोरोना से अब तक 60 लोगों की मौत हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications