स्कॉटलैंड में भारतीय उच्चायुक्त से बदसलूकी पर अब ग्लासगो गुरुद्वारा ने मांगी माफी, खालिस्तानियों पर जमकर बरसे
ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी को खालिस्तान समर्थक चरमपंथियों ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में एक गुरुद्वारे में प्रवेश करने से रोक दिया गया था। अब इसके बाद ग्लासगो गुरु ग्रंथ साहिब गुरुद्वारा ने ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी से व्यक्तिगत रूप से माफी मांगी है।
एक पत्र के जरिए ग्लासगो गुरु ग्रंथ साहिब गुरुद्वारा ने कहा कि सिख समुदाय के पूजा स्थल पर इस तरह के बर्ताव की ग्लासगो गुरुद्वारा कड़ी निंदा करता है। समिति ने उच्चायुक्त को लिखे एक पत्र में आश्वासन दिया कि इस अप्रिय घटना में शामिल तीन व्यक्ति उनकी नियमित मंडली का हिस्सा नहीं थे।

ग्लासगो गुरुद्वारा गुरु ग्रंथ साहिब सिख सभा की तरफ से जारी पत्र में कहा गया, '29 सितंबर 2023 को जब भारतीय उच्चायुक्त निजी यात्रा पर पहुंचे, तब ग्लासगो गुरुद्वारा में एक घटना हुई। ग्लासगो इलाके के बाहर के कुछ अनजान लोगों ने उनकी यात्रा में बाधा डालने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें परिसर छोड़कर जाना पड़ा।'
इस पत्र में आगे कहा गया कि उच्चायुक्त के जाने के बाद भी उन लोगों ने अशांति फैलाना जारी रखा। समिति ने कहा, 'ग्लासगो गुरुद्वारा सिख समुदाय के प्रार्थना स्थल पर ऐसे बर्ताव की कड़ी निंदा करता है। गुरुद्वारा सभी समुदायों और पृष्ठभूमि के लोगों के लिए खुला है। हम यहां सभी का स्वागत करते हैं।'
इस पत्र में समिति ने उच्चायुक्त से दोबारा गुरुद्वारे का दौरा करने का अनुरोध भी किया है। ग्लासगो गुरुद्वारे की महासचिव प्रभजोत कौर ने कहा कि गुरुद्वारा सभी समुदायों और पृष्ठभूमि के लोगों के लिए खुला है और हम अपने विश्वास के सिद्धांतों के अनुसार सभी का खुले तौर पर स्वागत करते हैं।
मामला क्या है?
गुरुद्वारा पहुंचे दोरईस्वामी को खालिस्तानी समर्थकों ने रोक दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय राजनयिक गुरुद्वारा समिति से मुलाकात करने पहुंचे थे। इस घटना के बाद भारत ने ब्रिटेन के सामने मुद्दा उठाया और कार्रवाई की मांग की थी। लंदन में भारतीय उच्चायोग की तरफ से बयान जारी किया गया था कि स्कॉटलैंड के बाहर के तीन लोगों ने जानबूझकर भारतीय राजनयिक की यात्रा में बाधा डाली।












Click it and Unblock the Notifications