साथ रहने वाले जोड़े जल्दी शादी करें, वरना....
बुरुंडी की सरकार का कहना है कि बढ़ती जनसंख्या पर क़ाबू पाने के लिए साथ रहने वाले जोड़ों को शादी करनी चाहिए.
बुरुंडी में बिना शादी के साथ में रहने वाले जोड़ों को आदेश दिया गया है कि वो साल ख़त्म होने से पहले शादी कर लें नहीं तो इसके क़ानूनी नतीजे भुगतने पड़ेंगे.
देश के गृह और शिक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता टेरेंस ताथिराजा का कहना है कि इससे देश में तेज़ी से बढ़ रही जनसंख्या पर रोक लग सकेगी.
उनका कहना है कि क़ानूनी तरीके से शादी करने पर ही इस समस्या पर रोक लग सकेगी.
उन्होंने कहा कि इस तरह के संबंधों के कारण स्कूली छात्राएं कम उम्र में गर्भवती हो रही हैं और पुरुष इसका फ़ायदा उठाकर एक साथ कई महिलाओं के साथ रह रहे हैं.
बुरुंडी के राष्ट्रपति पीएर-न्कुरूनज़ीज़ा ने देश में नैतिक मूल्यों के प्रचार के लिए हाल में एक राष्ट्रीय नैतिकता अभियान शुरू किया है.
न्कुरूनज़ीज़ा का कहना है कि बुरुंडी में बिन शादी साथ रहने वाले जोड़ों को शादी कर के देश के प्रति अपने प्रेम का प्रदर्शन करना चाहिए.
बुरुंडी में 2015 में जब राष्ट्रपति न्कुरुज़ीज़ा ने तीसरी बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की घोषणा की तो विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी.
ये साफ़ नहीं है कि साथ रहने वाले जोड़ों को क्या सज़ा मिलेगी लेकिन एक स्थानीय किसान ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि उसके पास शादी करने के लिए पैसे नहीं हैं और एक सरकारी अधिकारी ने उसे कहा है कि शादी से पहले बच्चे पैदा करने पर उन्हें मुफ़्त शिक्षा या मेडिकल सेवा नहीं मिलेगी.












Click it and Unblock the Notifications