तो जर्मनी की राइन नदी की ही तरह साफ होगी भारत की गंगा!
बर्लिन। भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज इन दिनों जर्मनी में हैं और उनके जर्मनी के दौरे से ही भारत के लिए अच्छी खबर आई है। जर्मनी ने टेक्नोलॉजी के जरिए गंगा की सफाई अभियान में मदद की इच्छा जताई है।

जर्मनी चाहता है कि वह यूरोप की अहम नदियों में शुमार राइन नदी की तर्ज पर ही गंगा की सफाई करे। इसके लिए जर्मनी ने इस नदी को साफ करने के दौरान प्रयोग की गई टेक्नोलॉजी को उत्तराखंड में गंगा के एक हिस्से के पुनर्जीवन में प्रयोग करने पेशकश की है।
बर्लिन में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने इस पेशकश का जिक्र किया। इसके साथ ही स्वच्छ गंगा अभियान और स्वच्छ विद्यालय पहल में दिल खोलकर योगदान करने की अपील की। स्वच्छ विद्यालय का लक्ष्य प्रत्येक स्कूल में शौचालय उपलब्ध कराना है।
सुषमा ने कहा कि उनके जर्मन समकक्ष फैंक वॉल्टर स्टेनमेयर ने उनके साथ दो घंटे तक चली बैठक के दौरान उत्तराखंड में गंगा की सफाई करने का प्रस्ताव किया। सुषमा ने उनके साथ बातचीत के दौरान द्विपक्षीय संबंधों के सम्पूर्ण आयामों की समीक्षा की।
अपने संबोधन में सुषमा ने कहा, ‘‘जर्मन विदेश मंत्री ने मुझे बताया कि आप गंगा को मां कहते हैं। हमने राइन नदी को साफ किया है। राइन पिता के समान हैं और गंगा मां हैं।''
भारत के विकास में भारतीय समुदाय के हिस्सा बनने पर जोर देते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि एनडीए की पूर्ण बहुमत सरकार के सत्ता में आने के बाद से देश में जबर्दस्त बदलाव आया है।












Click it and Unblock the Notifications