‘पैसे के दम पर चुनावों में देते हैं दखल, मानवता से करते हैं नफरत’, जॉर्ज सोरोस पर इतना क्यों भड़के एलन मस्क?
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क विवादों से अछूते नहीं हैं। अरबपति ने पिछले साल सोशल मीडिया दिग्गज एक्स का मालिक बनकर लोगों को चौंका दिया था और वह सार्वजनिक रूप से अपने विचार व्यक्त करने से कभी नहीं डरते। अब दुनिया के सबसे रईस शख्स एलन मस्क ने उद्योगपति जॉर्ज सोरोस की जमकर आलोचना की है।
टेस्ला के सीईओ ने रेडियो होस्ट जो रोगन के साथ मंगलवार को एक लंबे पॉडकास्ट पर बात करते हुए जॉर्ज सोरोस की जमकर खबर ली है। एलन मस्क ने कहा कि जॉर्ज सोरोस को मानवता से नफरत है। वह ऐसे काम कर रहे हैं जो समाज के ताने-बाने को नष्ट कर रहा है।

मस्क ने कहा कि सोरोस, अमेरिका में ऐसे नेताओं को समर्थन और मदद दे रहे हैं, जो हिंसक अपराधों के खिलाफ नर्म रुख रखते हैं। मस्क ने कहा कि जॉर्ज सोरोस के स्थापित किए हुए अधिकारियों और नेताओं ने कई अमेरिकी शहरों के माहौल को बेहद असुरक्षित बना दिया है।
एलन मस्क ने जिला अटॉर्नी (डीए) की नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए सोरोस की आलोचना की, जो अपराधियों पर मुकदमा चलाने से इनकार करते हैं, जिससे प्रमुख अमेरिकी शहरों में अपराधियों की संख्या बढ़ती है।
टेस्ला के सीईओ ने कहा, "ऐसे जिला अटॉर्नी (डीए) का चुना जाना जो अपराधियों पर मुकदमा चलाने से इनकार करते हैं...ये सिर्फ सैन फ्रांसिस्को और लॉस एंजिलिस की समस्या नहीं है, बल्कि वे दूसरे देशों की आंतरिक राजनीति में भी दखल दे रहे हैं।
एलन मस्क ने कहा कि जॉर्ज सोरोस दिखाने के लिए मानवाधिकार और कथित प्रगतिशील गैर-सरकारी संगठनों की मदद करते हैं, लेकिन असल में वे अपने लाभ के लिए लोगों का इस्तेमाल कर रहे होते हैं।
एलन मस्क ने कहा, "सोरोस इस समय काफी बूढ़े हो चुके हैं... लेकिन वह मध्यस्थता करने में माहिर हैं। उन्होंने संकेत दिया कि कैसे वामपंथी अरबपति अपने पैसे के दम पर स्थानीय चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर करे हैं।
मस्क ने कहा कि सोरोस उन संस्थाओं को वित्त पोषित करते हैं, जो वोक माइंड वायरस से जुड़ी समस्याएं खड़ी करते हैं, फिर मध्यस्थता के जरिये लाभ कमाते हैं। मस्क ने कहा, सोरोस जानते हैं कि उन्हें काम निकालने के लिए कानून बदलने की जरूरत नहीं है, बल्कि कानून लागू किस तरीके से हो रहे हैं, उन्हें बदलने की जरूरत है।
एलन मस्क ने कहा कि सोरोस निचले स्तर पर लोगों को अपने खेमे में लेते हैं और कानूनों को अपने मुताबिक लागू करवाते हुए लाभ लेते हैं। मस्क ने कहा कि यह असल में एक विकृत मानसिकता है।
मस्क ने कहा कि कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए कुतर्क आधारित मुद्दों को तूल देते हैं। जबकि, असल में वे मुद्दे प्रासंगिक नहीं होते हैं। इस पॉडकास्ट में एलन मस्क ने ट्विटर अधिग्रहण को लेकर भी चर्चा की। मस्क ने कहा कि उन्होंने इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को खरीदा ताकि वे इसे अति वामपंथी तत्वों से बचा सकें।
मस्क ने पॉडकास्ट में ट्विटर के अधिग्रहण को एक सुदूर-वामपंथी विचारधारा के खिलाफ धर्मयुद्ध के रूप में चित्रित किया है, जिसके बारे में उनका मानना है कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हावी हो रहा है।











Click it and Unblock the Notifications