गाजा के दो सबसे बड़े अस्पताल बंद, WHO ने तबाही का किया दावा, इजराइल ने कहा- हमास ने तेल लेने से किया इनकार
Israel-Palestine War: विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने रविवार को कहा है, कि गाजा पट्टी के सबसे बड़े अस्पताल, अल-शिफा ने काम करना बंद कर दिया है और हमास-नियंत्रित क्षेत्र के उत्तरी हिस्से में तीव्र इजरायली हमलों के बीच मरीजों की मौतें बढ़ रही हैं।
उत्तरी गाजा में स्थित अल-शिफा अस्पताल, जो पहले से ही बिजली कटौती और आसपास के क्षेत्र में लड़ाई से जूझ रहा था, उसे हाल ही में इजराइल ने हमास के खिलाफ जारी लड़ाई में ब्लॉक कर दिया था। जिसके बाद अल-शिफा अस्पताल में जरूरी सेवाओं को बंद करना पड़ा था।
हालांकि, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया है, कि इजराइल ने गाजा में अस्पतालों के लिए तेल पहुंचाने का ऑफर दिया था, लेकिन हमास ने तेल लेने से इनकार कर दिया है।

गाजा के अस्पतालों पर लग रहे ताले
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर डब्ल्यूएचओ प्रमुख टेड्रोस एडनोम घेबियस ने कहा है, कि संयुक्त राष्ट्र स्वास्थ्य निकाय ने अल-शिफा अस्पताल में अपने संपर्कों के साथ कम्युनिकेशन बहाल कर दिया है, लेकिन साथ ही उन्होंने ये भी कहा, कि वहां "स्थिति गंभीर और खतरनाक है"।
शनिवार (11 नवंबर) को, गाजा में हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा था, कि अल-शिफा अस्पताल की नवजात इकाई के सेवा से बाहर हो जाने के बाद तीन शिशुओं की मौत हो गई। फ़िलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, कि आईसीयू में इज़रायली हमले से एक और व्यक्ति की मौत हो गई।
अल-शिफा के अलावा, गाजा के दूसरे सबसे बड़े अस्पताल, अल-कुद्स ने कहा कि वह भी अपने ऑपरेशंस सस्पेंड कर रहा है।
हालांकि, इस बीच, इज़राइल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने रविवार को कहा, कि वे नागरिकों और शिशुओं को दक्षिण की ओर निकालने के लिए उत्तरी गाजा में शिफा, रान्तिसी और नासिर अस्पतालों से एक मार्ग को सक्षम कर रहे हैं। यह बयान इज़रायली सेना के प्रवक्ता द्वारा पुष्टि किए जाने के बाद आया है कि सैनिक शिशुओं को निकालने में सहायता करेंगे।
गाजा में हमास नियंत्रित प्रशासन के स्वास्थ्य मंत्री माई अल-कैला ने वफा समाचार एजेंसी को बताया है, कि अल-शिफा अस्पताल के अस्पताल कर्मचारी कम से कम 100 लोगों के अवशेषों को दफनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जो हाल के दिनों में घिरे इलाके में लगातार इजरायली बमबारी के बाद मारे गए हैं।
उन्होंने कहा, कि यह स्थिति अस्पताल कर्मियों के स्वास्थ्य को खतरे में डाल रही है, जिन्हें अस्पताल परिसर के अंदर जमा होने वाले मेडिकल कचरे से भी निपटना पड़ता है।
अल-शिफा अस्पताल ने पहले ही नए मरीजों के लिए अपने दरवाजे बंद कर दिए हैं, जबकि यह उन हजारों शरणार्थियों से निपटने के लिए संघर्ष कर रहा है, जो वहां शरण ले रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications