Gaza Ceasefire: गाजा में युद्धविराम के रास्ते में इजराइल लगा रहा अड़ंगा? अब हमास के सामने रखी सबसे बड़ी डिमांड
Gaza Ceasefire News: इजराइल और हमास के बीच पिछले सवा सालों से चल रही लड़ाई अब खत्म हो सकती है और गाजा में युद्धविराम की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल और हमास के बीच करीब 90 प्रतिशत तक सहमति बन चुकी है, लेकिन कुछ मुद्दों पर अभी भी टकराव जारी हैं।
इस बीच युद्ध विराम-बंधक समझौते के लिए बातचीत जारी रहने के बीच ऐसी खबरें आ रही हैं, कि तेल अवीव ने फिलिस्तीनी उग्रवादी समूह को 34 बंधकों की पहली लिस्ट सौंपी है, जिसमें समझौते के पहले चरण में उनकी रिहाई की मांग की गई है।

अल-गद की रिपोर्ट के मुताबिक, इस लिस्ट में 11 ऐसे नाम भी शामिल हैं, जो समझौते के लिए हमास की शर्तों को पूरा नहीं करते हैं। मामले से जुड़े एक सूत्र ने मिस्र के समाचार आउटलेट को बताया है, कि इजराइल की लिस्ट में कुछ नाम ऐसे बंधकों के भी हैं, जिन्हें हमास सैनिक मानता है। बातचीत की शुरुआत से ही हमास ने कहा है, कि वह केवल बीमार, बुज़ुर्ग और बच्चों को ही रिहा करेगा।
सूत्रों ने बताया है, कि समझौते के पहले चरण में इजराइली बंधकों के बदले 250 फिलिस्तीनी कैदियों की रिहाई शामिल होगी। इसके अलावा, दोनों पक्ष चल रहे संघर्ष में प्रमुख मुद्दों पर भी चर्चा कर रहे हैं, जैसे कि राफा क्रॉसिंग, नेटजारीम अक्ष से इजराइली सैनिकों की वापसी और स्ट्रिप के उत्तर में विस्थापित गाजावासियों की वापसी।
दोनों पक्षों की अलग अलग कहानियां
हालांकि, हमास ने युद्ध विराम समझौते के करीब पहुंचने के लिए आशा जताई है, लेकिन इजराइली अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया हैस कि वार्ता में भाग लेने के लिए उनका कोई भी प्रतिनिधिमंडल मिस्र में है। इजराइल का कहना है, कि "काहिरा के रास्ते में कोई भी इजराइली प्रतिनिधिमंडल नहीं है, न ही किसी की योजना है।" रिपोर्ट के अनुसार, हमास और इजराइल, फिलाडेल्फिया कॉरिडोर से इजरायल रक्षा बलों (IDF) की क्रमिक वापसी पर भी चर्चा कर रहे हैं।
वहीं, इजराइल के दावों के विपरीत, अल ग़द ने बताया है, कि शुक्रवार को एक इजराइली प्रतिनिधिमंडल इस सौदे पर चर्चा करने के लिए काहिरा पहुंचा था और उसने मिस्र के कई अधिकारियों से मुलाकात की थी, जो मध्यस्थ की तरह हैं। मिस्र की ओर से, चर्चा कथित तौर पर राफ़ा क्रॉसिंग और फ़िलाडेल्फ़ी और नेत्ज़ारिम अक्ष के प्रबंधन पर केंद्रित होगी।
शनिवार को हमास ने एक बयान में कहा, कि "अगर इजरायल नई शर्तें थोपना बंद कर दे, तो समझौते पर पहुंचने की संभावना पहले से कहीं ज़्यादा करीब है।"
जेरूसलम पोस्ट के मुताबिक, यह बयान शुक्रवार को हमास प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई बैठक के बाद आया, जिसका नेतृत्व खलील अल-हय्या कर रहे थे, जो बंधक समझौते और युद्ध विराम के लिए वार्ता दल के प्रमुख थे, और इस्लामिक जिहाद और पॉपुलर फ्रंट फॉर द लिबरेशन ऑफ़ फिलिस्तीन (PFLP) के प्रतिनिधियों ने किया है।
वहीं, शनिवार को एक फिलिस्तीनी अधिकारी ने बीबीसी को बताया, कि इजराइल और हमास के बीच गाजा युद्ध विराम और बंधक रिहाई समझौते पर पहुंचने के लिए बातचीत 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। बाकी 10 प्रतिशत में कथित तौर पर फिलाडेल्फिया कॉरिडोर और इजराइल और गाजा के बीच बफर जोन की संभावना शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications