'UK में इस तरह का हिंसक उग्रवाद बर्दाश्त नहीं करेंगे': खालिस्तानियों को ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक की दो टूक
Rishi Sunak G20: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने शुक्रवार को दिल्ली पहुंचते ही खालिस्तानी आतंकवादियों को लेकर दो टूक कहा है कि यूनाइटेड किंगडम की धरती पर हिंसक उग्रवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए दिल्ली आए हैं। उन्होंने कहा है कि यूनाइटेड किंगडम 'खालिस्तानी मुद्दे से निपटने के लिए भारत सरकार के साथ मिलकर करीब से काम कर रहा है।'

किसी भी तरह का उग्रवाद या हिंसा स्वीकार्य नहीं-ऋषि सुनक
न्यूज एजेंसी एएनआई से यूके के पीएम ने कहा 'मैं स्पष्ट कर दूं कि यूके में किसी भी तरह का उग्रवाद या हिंसा स्वीकार्य नहीं है.....और खासकर इसलिए हम 'पीकेई' खालिस्तान-समर्थक उग्रवाद से निपटने के लिए भारत सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं...।'
मैं इसे यूके में बर्दाश्त नहीं करूंगा- खालिस्तानियों पर बोले ब्रिटिश पीएम
उन्होंने आगे कहा कि 'मुझे नहीं लगता कि यह सही है......हमारे सिक्योरिटी मिनिस्टर हाल ही में भारत में अपने समकक्षों से बात कर रहे थे.....हमारे पास इंटेलिजेंस और जानकारी साझा करने के लिए एक साथ काम करने वाले वर्किंग ग्रुप हैं, ताकि हम इस तरह के हिंसक उग्रवाद को जड़ से खत्म कर सकें.....यह सही नहीं है और मैं इसे यूके में बर्दाश्त नहीं करूंगा।'
खालिस्तान समर्थक हुए हैं ब्रिटेन में सक्रिय
दरअसल, पिछले कुछ समय में भारत में इस बात को लेकर चिंता बढ़ी है कि खालिस्तान-समर्थक आतंकवादी यूके जैसे देश में कुछ ज्यादा ही सक्रिय हो रहे हैं। खासकर 19 मार्च को लंदन में जिस तरह भारतीय उच्चायोग पर हमला किया गया था। इस घटना के बाद भारतीय-ब्रिटिश समुदाय की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थी और इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ फौरन कार्रवाई की मांग उठी थी।
एनआईए कर रही है जांच
इन घटनाओं को लेकर भारत ने आधिकारिक तौर पर यूके से सख्त विरोध दर्ज कराया था। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में विदेश में हुए अपराध को लेकर एक एफआईआर भी दर्ज की थी, जिसे बाद में एनआईए को सौंप दिया गया था।
जी20 शिखर सम्मेलन में ऋषि सुनक
बता दें कि यूपी के पीएम सुनक अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ दो दिवसीय जी20 लीडर्स समिट में भाग लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं। भारत आने पर उन्होंने कहा कि हमारे सामने मौजूद चुनौतियों से निपटने को लेकर वे विश्व के नेताओं के साथ काम करेंगे, जिसका प्रभार हम सब पर पड़ेगा।
उन्होंने अपने X पोस्ट पर लिखा, 'जी20 समिट से पहले मैं दिल्ली में उतर चुका हूं। मैं उन कुछ चुनौतियों का समाधान करने के लिए विश्व नेताओं से मिलने जा रहा हूं, जो हममें से प्रत्येक को प्रभावित करती हैं।'












Click it and Unblock the Notifications