भगोड़े नित्यानंद ने अयोध्या आने का किया दावा, कहा- रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए मिला न्यौता
भगोड़े स्वयंभू बाबा नित्यानंद ने कहा कि उन्हें अयोध्या में राम मंदिर के अभिषेक समारोह में आमंत्रित किया गया है। नित्यानंद ने कहा कि वो 22 जनवरी को इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। भगोड़े नित्यानंद ने सोशल मीडिया पर इस आयोजन को ऐतिहासिक बताया।
नित्यानंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा है कि "इस ऐतिहासिक और असाधारण घटना को न चूकें! इस दिन पारंपरिक प्राण प्रतिष्ठा के दौरान भगवान राम की प्रतिमा को दुनिया के कल्याण के लिए मुख्य देवता के तौर पर स्थापित किया जाएगा। मुझे इस समारोह का आधिकारिक निमंत्रण मिला है। कैलासा में भी इस दौरान सेलिब्रेशन होगा।"

नित्यानंद भारत में बलात्कार और यौन उत्पीड़न के कई आरोपों में वांछित है। खुद को भगवान कहने वाला नित्यानंद 2019 में देश से भाग गया और 'कैलासा' नाम से एक द्वीप देश स्थापित करने का दावा किया था।
नित्यानंद का कैलासा नाम का काल्पनिक देश की सटीक लोकेशन किसी को पता नहीं है। संभावना जताई जाती है कि कैलासा उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका के बीच में किसी द्वीप पर स्थित है। दक्षिण अमेरिका के आसपास कई ऐसे द्वीप हैं, जिसे कोई भी खरीद सकता है।
हालांकि, अब तक इस द्वीप या देश को किसी देश ने मान्यता नहीं दी है। ऐसा भी कहा जाता है कि यह 'आभासी' द्वीप इक्वाडोर के तट पर स्थित है। भारतीय अधिकारियों को संदेह है कि वह इक्वाडोर और त्रिनिदाद और टोबैगो के बीच इधर-उधर हो सकता है।
जबकि कुछ खबरों में कहा गया है कि वह इक्वाडोर गया होगा क्योंकि इस देश की भारत के साथ प्रत्यर्पण संधि नहीं है। हालांकि इक्वाडोर सरकार ने नित्यानंद की देश में मौजूदगी से इनकार किया है।
2010 में नित्यानंद की एक शिष्या ने उस पर रेप का आरोप लगाया था। तहकीकात के बाद 2019 में गुजरात पुलिस ने कहा था कि नित्यानंद के आश्रम में बच्चों को किडनैप करके रखा जाता है। 2022 में कर्नाटक की एक अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।












Click it and Unblock the Notifications