France: स्कूल में चाकू से मारकर शिक्षक की हत्या, मारने से पहले हमलावर ने लगाया था धार्मिक नारा
फ्रांस के एक स्कूल से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार को एक हाईस्कूल में एक व्यक्ति ने अल्लाहु अकबर का नारा लगाते हुए चाकू से शिक्षक पर हमला कर दिया। इस हमले में एक शिक्षक की मौत हो गई है और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
आंतरिक मंत्री गेराल्ड डर्मैनिन ने कहा कि हमला उत्तरी शहर अर्रास के गैम्बेटा हाई स्कूल में स्थानीय समयानुसार लगभग 11:00 बजे हुआ। हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब वह हिरासत में है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ये घटना अरास शहर के गैम्बेटा हाई स्कूल में हुई। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के दौरान उसने "अल्लाहु अकबर" का नारा लगाया था।
मारा गया व्यक्ति फ्रेंच भाषा का शिक्षक था। घायलों में एक अन्य शिक्षक और एक सुरक्षा गार्ड शामिल हैं। हमलावर 20 वर्षीय युवक है, जो पूर्व छात्र है। वह कई चाकुओं के साथ स्कूल आया था।
पुलिस के अनुसार, हमलावर चेचन मूल का है और कट्टरपंथी इस्लाम से जुड़ा हुआ है। समाचार चैनल बीएफएमटीवी ने खबर दी है कि हमलावर के भाई को भी पुलिस ने पकड़ लिया है।इस घटना के बाद से सरकार के अधिकारियों ने पूरे देश के सभी स्कूलों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
हमास के हमले के बाद से यहूदी विरोधी घटनाओं में बढ़ोतरी के बीच डार्मिनिन ने गुरुवार को स्थानीय अधिकारियों को सभी फलस्तीनी समर्थक प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया।
यह हमला इजराइल और हमास के बीच संघर्ष के कारण फ्रांस के बड़े मुस्लिम और यहूदी समुदायों में बढ़ते तनाव के बीच हुआ है।
हालाँकि, पुलिस ने कहा है कि इजराइल-फिलिस्तीन के साथ संबंध का संकेत देने वाला कुछ भी नहीं है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन शुक्रवार को बाद में स्कूल का दौरा करेंगे, जबकि पेरिस में नेशनल असेंबली ने पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाते हुए अपना सत्र निलंबित कर दिया है।
यह हमला पेरिस के बाहर उनके स्कूल में एक अन्य शिक्षक सैमुअल पैटी की हत्या और सिर काटने के लगभग तीन साल बाद हुआ है।
उस हमले के अपराधी, 18 वर्षीय अब्दुल्लाख अंजोरोव, एक रूसी मुस्लिम शरणार्थी, को कुछ ही समय बाद पुलिस ने गोली मार दी थी।












Click it and Unblock the Notifications