VIDEO: 'ये किसी अनहोनी का इशारा तो नहीं'? एक साथ एक इलाके में दिखे 4 बवंडर, तेजी से भागे लोग
नई दिल्ली: जब भी समुद्र या उसके आसपास के इलाकों में तूफान आता है, तो टॉरनेडो भी बनने लगते हैं। ये टॉरनेडो सतह से चीजों को उठाकर हवा में उछाल देते हैं। जिस वजह से इनके आने पर काफी ज्यादा नुकसान होता है। आमभाषा में लोग इसे बवंडर भी कहते हैं। अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा, जिसमें एक साथ चार बवंडर नजर आ रहे। इसे देख लोग अनहोनी की आशंका भी जता रहे हैं। (वीडियो-नीचे)

मौसम था खराब
वायरल वीडियो स्पेनिश द्वीप मल्लोर्का (स्पेन) का बताया जा रहा है। वहां पर मौसम हल्का खराब रहता है, जिस वजह से आसमान में हल्के बादल भी नजर आते हैं। तभी वहां पर एक टॉरनेडो दिखाई देता है। वैसे तो ये सामान्य लग रहा था, लेकिन कुछ ही देर में वहां पर तीन और टॉरनेडो बन जाते हैं। ऐसे में उनकी कुल संख्या 4 हो गई। ये बहुत ही दुर्लभ घटना है, जिसे देख लोग हैरान रह गए।

नाव वालों ने बनाया वीडियो
स्थानीय मीडिया के मुताबिक मलोरका के विभिन्न हिस्सों में तूफान आया था, जिसके बाद चार टॉरनेडो दिखाई दिए। दूर से जब लोगों ने उसे देखा तो वो भ्रम लग रहा था, लेकिन बाद में वो चार ही निकले। उनकी रफ्तार भी काफी ज्यादा थी। ऐसे में लोग अनहोनी की आशंका जताते हुए वहां से भाग गए। कुछ लोग समुद्र में नाव से सफर कर रहे थे, उन्होंने ही इसका वीडियो शूट किया।

क्या है लोगों का रिएक्शन?
ENTJ नाम के ट्विटर यूजर ने इस वीडियो को शेयर किया है। जिसको लोग खूब पसंद कर रहे। एक शख्स ने लिखा कि मौसम इतना खराब भी नहीं था, लेकिन एक साथ टॉरनेडो को दिखना बड़ा अजीब है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि अगर हमने कुदरत से खिलवाड़ा करना नहीं रोका, तो हमें एक साथ सैकड़ों बवंडर भी नजर आ सकते हैं। वैसे इससे बहुत ज्यादा नुकसान की खबर नहीं आई। इस वजह से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

अमेरिका में भी ऐसी घटना
इससे पहले जून में अमेरिका के अलबामा में स्थित गल्फ कोस्ट में जल वबंडर का अद्भुत नजारा दिखा था। उस वक्त वहां एक-एक करके तीन जल बवंडर बन गए। वहां पर काफी ज्यादा तेज हवाएं चल रही थीं और मौसम भी खराब था। अचानक से पानी के बीच तीन बवंडर को देख सब हैरान रह गए, लेकिन वहां पर ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।

क्यों आते हैं बवंडर?
वैज्ञानिकों के मुताबिक जब चारों तरफ से तेज हवाएं चलकर एक जगह पर मिलती हैं तो उस तरह बवंडर या Tornado बनता है। यही घटना जब जल या समंदर के ऊपर होती है तो उसे जल बवंडर या वाटरस्पॉउट्स कहा जाता है। बवंडर की तरह की वाटरस्पॉउट्स की गति काफी अधिक होती है। जैसे बवंडर में धूल खंबे की तरह ऊपर की ओर उठता दिखता है, उसी तरह से जल बवंडर या वाटरस्पॉउट्स में पानी तेज हवाओं के साथ ऊपर उठता है। इसकी चपेट में मछलियां, नावें आदि आ जाती हैं।












Click it and Unblock the Notifications