4 Days Working: चार दिन काम का, बाकी दिन आराम का, UK में सुपरहिट हुआ आईडिया
23 कंपनियों के लिए ट्रायल के दौरान राजस्व में 1.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। जबकि अलग 24 कंपनियों ने एक साल पहले की समान छह महीने की अवधि से राजस्व में 34 फीसदी से अधिक की वृद्धि देखी।

ब्रिटेन में सप्ताह में चार दिन काम और तीन दिन छुट्टी को लेकर कई कंपनियों ने ट्रायल शुरू कर दिया है। 4 दिन काम को लेकर शुरू किए गए दुनिया की सबसे बड़ी पायलट योजना की रिपोर्ट मंगलवार को प्रकाशित की गई है। इस ट्रायल को बेहद सफल बताया जा रहा है। कंपनियां जो इस ट्रायल में शामिल थीं, उनका कहना है कि वह इसे आगे भी जारी रखेंगी। न सिर्फ कंपनी बल्कि कर्मचारियों को भी यह योजना बहुत पसंद आ रही है।
बता दें कि पूरे ब्रिटेन में बीते साल जून से दिसंबर के दौरान किए गए परीक्षण में अलग-अलग सेक्टरों की कुल 61 कंपनियों ने इसमें हिस्सा लिया था। इस दौरान कर्मचारियों ने बीते 4 दिनों में कुल 34 घंटे काम किया। अब उनमें से 56 कंपनियों ने 4 दिन काम 3 दिन आराम पॉलिसी को ही अपना लिया है। इस आधार पर कहा जा सकता है कि 92 फीसदी कंपनियों ने ऐसे ही काम जारी रखने का विकल्प चुना है। हैरानी की बात ये भी है कि 61 कंपनियों में से 18 ने स्थायी रूप से इस पॉलिसी को अपना लिया है।
इस पायलट प्रोग्राम को गैर-लाभकारी समूहों 'फोर डे वीक ग्लोबल', 'फोर डे वीक यूके कैंपेन' और ऑटोनॉमी द्वारा शुरू किया गया था। इसके तहत करीब 3,000 कर्मचारियों को पांच दिन में निपटाने वाले ऑफिस के काम को मात्र 4 दिन में पूरा करने के लिए आदेश दिया गया था। जब रिपोर्ट प्रकाशित की गई तो बेहद चौंकाने वाला रिजल्ट रहा। इस दौरान सभी कर्मचारी पूरे जोश में काम करते दिखे और कंपनी की उत्पादकता और गुणवत्ता पर भी कोई खासा असर नहीं पड़ा।
एक ब्रिटिश-आधारित शोध संगठन, और न्यूजीलैंड स्थित समूह 4 डे वीक ग्लोबल के साथ इसकी रिपोर्ट प्रकाशित की है। इस प्रोजेक्ट को अलग-अलग दफ्तरों में चालू किया गया और इसके परिणाम उम्मीद के मुताबिक मिले। यह एक नया प्रयोग है जिसे कंपनियों ने सराहा और कर्मचारियों ने भी इस पर सहमति जताई। रिपोर्ट के नतीजों के मुताबिक, कंपनियों ने बताया कि उनका राजस्व जून से दिसंबर 2022 परीक्षण अवधि में काफी हद तक समान ही रहा है। यहां तक कि एक साल पहले उसी छह महीने की तुलना में इसमें इजाफा हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक कुल 23 कंपनियों के लिए ट्रायल के दौरान राजस्व में 1.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। जबकि एक अलग 24 कंपनियों ने एक साल पहले की समान छह महीने की अवधि से राजस्व में 34 फीसदी से अधिक की वृद्धि देखी। एक साल पहले की इसी अवधि की तुलना में कर्मचारियों के छोड़ने की संभावना में 57 फीसदी की गिरावट आई थी। वहीं बीमार होने वालों की संख्या एक साल पहले की तुलना में 65 फीसदी कम थी।
इस ट्रायल में शामिल कर्मचारियों में से 71 फीसदी ने बताया कि वे कम थके हुए थे। 39 फीसदी कर्मचारियों ने कहा कि वे कम तनावग्रस्त थे और 48 फीसदी ने कहा कि वे टायल से पहले की तुलना में अपनी नौकरी से अधिक संतुष्ट हैं। कर्मचारियों में से 60 फीसदी ने कहा कि घर पर काम और जिम्मेदारियों को संतुलित करना आसान था, जबकि 73 फीसदी ने बताया कि उनके जीवन में संतुष्टि बढ़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक 4 दिन काम, 3 दिन आराम वाले ट्रायल में कर्चमारियों की थकान कम हो गई थी। लोग अधिक सो रहे थे और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications