दुनिया की सबसे छोटी महिलाओं में से एक एलीफ कोकामन का निधन, सिर्फ 73 सेंटीमीटर थी हाइट
नई दिल्ली, 1 जनवरी: दुनिया की सबसे छोटी महिला का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाली तुर्की की एलीफ कोकामन का निधन हो गया। वो अभी सिर्फ 33 साल की ही थीं। करीब एक साल तक सबसे छोटी महिला होने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड उनके नाम रहा। मौजूदा वक्त में वो तुर्की की सबसे कम लंबाई वाली महिला थीं। उनके निधन पर कई बड़ी हस्तियों ने शोक वक्त किया है।

जानकारी के मुताबिक एलीफ तुर्की के कादिरली शहर की रहने वाली थीं। बीमार पड़ने पर मंगलवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहां पर उनके निमोनिया से ग्रसित होने की रिपोर्ट मिली, जिस पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक निमोनिया की वजह से उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। जिस वजह से उन्होंने शुक्रवार को अस्पताल में ही अंतिम सांस ली।
बौनेपन से पीड़ित एलीफ ने 2010 में सिर्फ 72.6 सेंटीमीटर (2'5 ") की अपनी छोटी लंबाई के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज करवाया था। ये रिकॉर्ड उनके नाम एक साल तक रहा। एलीफ के बाद 2011 में सबसे कम हाइट का रिकॉर्ड अमेरिका की ब्रिजेट जॉर्डन के नाम गया। वो महज 69 सेंटीमीटर की थीं। उस वक्त एलीफ ने कहा था कि मुझे बचपन से ही लगता था कि एक दिन दुनिया मुझे जानेगी, ये सपना सच हो गया। मेरा बचपन काफी कठिन था, क्योंकि अन्य बच्चे मुझे चिढ़ाते रहते थे।
कम लंबाई पर था गर्व
एलीफ को अपनी लंबाई पर गर्व था। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि मैं अपनी कम हाइट की वजह से फेमस हूं। ऐसे में मुझे कभी-कभी महसूस होता है कि मैं बहुत ज्यादा लंबी हूं। भगवान ने मुझे जैसा भी बनाया, मुझे उस पर गर्व है। वहीं उनकी मां ने उस दौरान बताया था कि गर्भ में उनको कोई दिक्कत नहीं थी, जब उनकी बेटी चार साल की हुई, तो उन्हें लगा कि उसकी लंबाई बढ़ना बंद हो गई। इसके बाद वो डॉक्टर के पास गए, लेकिन इस समस्या का कोई हल नहीं निकल पाया।












Click it and Unblock the Notifications